कपूरथला में ट्रेन की टक्कर से क्षतिग्रस्त टाटा ऐस।
- फोटो : amarujala
कपूरथला स्टेशन से फिरोजपुर के लिए निकली जम्मूतवी-अहमदाबाद एक्सप्रेस ने पाजियां-हुसैनपुर के बीच मानवरहित फाटक पर टाटा ऐस को टक्कर मार दी। चालक गांव कड़ाहला की तरफ बिल्डिंग शटरिंग का सामान लेकर जा रहा था उसकी मौत हो गई।
80 की स्पीड से दौड़ रही ट्रेन टाटा ऐस को 250 गज तक घसीटती ले गई। हादसे के बाद करीब एक घंटा ट्रेन मौके पर रुकी रही।
गुरदीप सिंह (50) पुत्र बचन सिंह निवासी वेरका जिला अमृतसर टाटा ऐस से लोडिंग-अनलोडिंग का काम करता था। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे वह बिल्डिंग शटरिंग का सामान लादकर पाजियां-हुसैनपुर के बीच स्थित सी-35 मानवरहित फाटक को क्रॉस करके गांव कड़ाहला की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान मानव रहित फाटक पर जम्मूतवी-अहमदाबाद ट्रेन नंबर-9224 ने टाटा ऐस को टक्कर मार दी। ट्रेन 250 गज तक गाड़ी को खेतों में घसीटती ले गई जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जहां इमरजेंसी में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के दोनों बेटे संदीप सिंह व प्रीत शाम पांच बजे सिविल अस्पताल पहुंचे। मृतक गुरदीप का छोटा बेटा प्रीत अपनी पत्नी व बच्चे को लेकर बाबा बालक नाथ पर माथा टेकने जा रहा था कि रास्ते में उसे अपने पिता की मौत की सूचना मिली। जीआरपी इंचार्ज जसप्रीत सिंह भी मौके पर पहुंचे।