संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। रामबाग मार्केट में वीरवार शाम बांस की सीढ़ियां और लकड़ी का सामान बनाने वाले खोखों में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी और शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
बाजार में बांस, लकड़ी, अतिरिक्त पुर्जे और किराना की दुकानें हैं। इनमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयानक थी कि तेजी से फैलती चली गई और आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में खैरियत लाल नामक व्यक्ति की झुलसने से माैत हो गई। उसका शव दुकान के शटर के साथ चिपका हुआ मिला। इसके अलावा एक एक्टिवा भी जल गई।
राहत और जांच कार्य
आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंची और लंबे राहत कार्य के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर अफसर दिलबाग सिंह ने बताया कि शाम करीब 6 बजे आग की सूचना मिली थी जो करीब 25 खोखों और दुकानों तक फैल चुकी थी। पुलिस ने एहतियात के तौर पर हॉल गेट तक रास्ता बंद कर बिजली आपूर्ति भी रुकवाई। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
- फोटो