अमृतसर। स्थानीय सर्कुलर रोड पर तेज रफ्तार स्कूल वैन की टक्कर से छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया है। थाना मजीठा रोड पुलिस ने गाड़ी कब्जे में लेकर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मेडिकल एनक्लेव सर्कुलर रोड निवासी वीणा बेरी पत्नी विवेक बेरी ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी प्रज्ञा प्लस टू की छात्रा है। आठ अगस्त की सुबह वह सड़क किनारे खड़ी होकर रिक्शे का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कूली वैन ने गलत साइड पर आकर उनकी बेटी को कुचल दिया। इस हादसे में उनकी बेटी बुरी तरह से घायल हो गई। इस दौरान वैन का ड्राइवर दारा सिंह निवासी करमपुरा नवी आबादी गाड़ी मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया।