अमृतसर। बहुजन समाज पार्टी पंजाब के नव नियुक्त अध्यक्ष प्रकाश सिंह जंडाली ने कहा कि देश के बदल रहे राजीतिक हालात संकेत दे रहे हैं कि आने वाले समय में सत्ता वोट वाले लोगों के हाथ में आएगी न कि नोट वाले हाथों के पास। प्रकाश सिंह अपने पद का कार्यभार संभालने के बाद रविवार को श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए पहुंचे थे।
जंडाली ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के आदेशों पर वह पार्टी के बाहर निराश होकर बैठे वर्करों को पार्टी के साथ जोड़ने के लिए अभियान चला रहे है। जिस में उनको भारी सफलता मिल रही है। आने वाले कुछ ही दिनों में पार्टी की राज्य कार्यकारिणी और जिला शाखाओं का पुनर्गठन किया जाएगा। प्रकाश सिंह ने कहा कि लोग अब जाग चुके है। पार्टी के अंदर असमानता किसी भी कीमत पर सहन नहीं होगी। इस अवसर पर उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता रविंदर हंकस, तरसेम भोला समेत पार्टी के वर्कर भारी संख्या में शामिल थे। इस अवसर पर एसजीपीसी की ओर से प्रकाश सिंह को सिरोपा देकर सम्मानित भी किया गया।