मरते दम तक कांग्रेसी ही रहूंगा : बाजवा
कहा, शरारती तत्व फैला रहे भाजपा में जाने की अफवाह
राहुल गांधी मेरे लीडर उन पर सारा फैसला उन पर छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रधान और राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि वह कांग्रेस के वफादार सिपाही है औरप मरते दम तक कांग्रेसी ही रहेगी। उन्होंने भाजपा में जाने संबंधी व गुरदासपुर से उम्मीदवार संबंधी एक अखबार की ओर से छापी गई खबर को झूठा करार देते हुए कहा कि कुछ शरारती तत्वों की ओर से अफवाहें फैलाई जा रही है।
बाजवा ने अमर उजाला से बातचीत में कहा राष्ट्रीय प्रधान राहुल गांधी मेरे लीडर है और वही गुरदासपुर से उम्मीदवार संबंधी फैसला करेंगे। उनकी ओर से केवल यह प्रस्ताव दिया गया था कि पूर्व प्रधानमंत्री सरदार मनमोहन सिंह का राज्यसभा कार्यकाल खत्म होने वाला है। पार्टी चाहे तो वह अपनी राज्यसभा की सीट मनमोहन सिंह के लिए छोड़ सकते है। शेष सारा फैसला पार्टी आलाकमान करेगी। बाजवा ने कहा कि वह उस अखबार के खिलाफ लीगल कारवाई करेंगे ।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ गुरदासपुर हलके से सांसद है और वही हलके से प्रमुख दावेदार भी है। हालांकि क्षेत्रीय लोगों और नेताओं ने स्थानीय उम्मीदवार देने की मांग की है। वहीं मुख्यमंत्री कैप्टन खुद यह कह चुके है कि सुनील जाखड़ ही गुरदासपुर से उम्मीदवार होंगे। उन्होंने विरोध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।