गेहूं खरीद के लिए किसानों को नहीं आने देंगे मुश्किल : डीसी
‘जिले की मंडियों में 5 लाख 60 हजार मीट्रिक टन गेहूं आने की संभावना’
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
स्थानीय पंचायत भवन में गेहूं की खरीद को लेकर संबंधित अधिकारियों, आढ़तियों, ठेकेदारों और खरीद एजेंसियों के साथ डिप्टी कमिश्नर गुरलवलीन सिंह ने बैठक की। इस दौरान सिद्धू ने संबंधित अधिकारियों को गेहूं की खरीद संबंधी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गेहूं की खरीद में कोई ढील सहन नहीं की जाएगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत करते हुए कहा कि जिले में यह आदेश जारी किए जा चुके हैं कि कंबाइनें सुबह सात बजे के बाद और शाम सात बजे से पहले ही चलाई जाएं, जो व्यक्ति आदेशों की उलंघना करता है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से किसानों को नाड़ को आग न लगाने के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। इसे लेकर आढ़ती भी अपने स्तर पर प्रयास करें कि किसानों को जागरूक किया जाए कि नाड़ को आग न लगाई जाए। नमी मापने वाले यंत्र व कांटे आदि नाप तोल सही हो। कम या अधिक फसल तोलने वाले का लाइसेंस तुरंत रद्द किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हिदायत की कि राज्य सरकार की ओर से 1 अप्रैल से सरकारी खरीद शुरू की जा चुकी है, मगर जिले में करीब एक सप्ताह के दौरान फसल मंडियों में आने की संभावना है। किसानों की सुविधा के लिए मंडियों की साफ-सफाई, बैठने के लिए जगह, पीने के लिए साफ पानी के उचित प्रबंध किए जाएं।
डीएफएससी मनीष नरूला नेे बताया कि जिले में कुल 93 मंडियां हैं। इस साल जिले की मंडियों में करीब 5 लाख 60 हजार मीट्रिक टन गेहूं आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बारदाने की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान एसडीएम गुरदासपुर सकत्तर सिंह बल्ल, एसडीएम बटाला रोहित गुप्ता, सहायक कमिश्नर (शिकायतें) अमनदीप कौर, एसपी (ऑपरेशन) विपिन चौधरी, जिला मंडी अधिकारी निर्मल सिंह और डीएम पनसप दलजीत सिंह भी मौजूद थे।
11जीडीआर5- स्थानीय पंचायत भवन में अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए डीसी सिद्धू