यूनियन ने सरकार का पुतला जलाया
पांच अध्यापकों को बर्खास्त करने पर भड़के कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। वाटर सप्लाई व सैनिटेशन कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने पांच अध्यापकों को बर्खास्त करने के रोष स्वरूप शुक्रवार को सरकार का पुतला जलाकर रोष प्रदर्शन किय। नेतृत्व जिला प्रधान मनदीप सिंह ने किया।
नेहरू पार्क में रोष प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कैप्टन सरकार कर्मचारी विरोधी नीतियों को अपना रही है। इस कारण वर्करों को आए दिन परेशान होना पड़ रहा है। सरकार की निजीकरण करने की नीति से सरकारी विभाग खत्म होने की कगार पर है। गांवों में जलघरों का भी निजीकरन किया जा रहा है, जिसका संगठन की ओर से विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की मुलाजिम विरोधी नीतियों के कारण प्रत्येक विभाग में मुलाजिम तंग आ चुके हैं।
सरकार आए दिन मुलाजिम विरोधी फैसले सुनाकर मुलाजिमों को शोषण कर रही है। यदि सरकार का मुलाजिमों के प्रति रवैया न बदला तो आने वाले दिनों में मुलाजिम सड़कों पर उतरकर सरकार का विरोध करेंगे। उन्होंने बताया कि यूनियन की ओर से मांगों को लेकर 12 फरवरी को पटियाला में बड़े स्तर पर रोष प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर ब्रांच प्रधान अजमेर सिंह, गुरजिंदर सिंह, निशान सिंह, संदीप कुमार, सरवन सिंह, आदि भी भी उपस्थित थे।