एक साल में खजाना कैसे हुआ खाली, कांग्रेस दे जवाब : जागीर कौर
गुरुद्वारा श्री बारठ साहिब में प्रकाशोत्सव को समर्पित श्री सहज पाठ का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव को समर्पित सहज पाठ की शुरूआत सरना स्थित गुरुद्वारा श्री बारठ साहिब से की गई। इसके बाद अब अलग-अलग गुरुद्वारों में भी श्री सहज पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल के महिला विंग की प्रधान बीबी जागीर कौर ने विशेष तौर पर शिरकत की।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के साढ़े पांच सौ प्रकाशोत्सव को मनाने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। ज्यादा से ज्यादा संगत को गुरु की वाणी से जोड़ने के लिए सहज पाठ की यह लहर चलाई गई है। यहां आज 1100 से ज्यादा लोगों ने मिलकर सहज पाठ किया है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा पंजाब सरकार हर मुद्दे पर फेल हुई है। पिछली अकाली-भाजपा सरकार ने लोगों को घरों से बुलाकर संगत दर्शन में खूब पैसे बांटे थे लेकिन मौजूदा सरकार सत्ता में आते ही खजाना खाली होने का रोना रो रही है। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा के कार्यकाल में सूबे का विकास हुआ और सूबे में कई लोक भलाई स्कीमें भी चल रही थीं। कांग्रेस ने सत्ता में आते ही सारी स्कीमें बंद कर दी हैं। मौजूूदा सरकार को इस बात का जवाब देना चाहिए कि सत्ता में आते ही खजाना कैसे खाली कर दिया।
फोटो -3- पठानकोट के गुरूद्वारा श्री बारठ साहिब में सहज पाठ करतीं जागीर कौर व अन्य।