जत्थेदार सेखवां, लंगाह समेत 277 पर केस दर्ज
गुरुद्वारा छोटा घल्लूघारा साहिब पर कब्जा करने की कोशिश करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। थाना भैणी मियां खां ने गुरुद्वारा छोटा घल्लूघारा साहिब मेमोरियल ट्रस्ट की प्रापर्टी पर धक्के से कब्जा करने और प्रबंधक कमेटी के प्रधान सहित बाकी सदस्यों को जान से मारने की धमकियां देने के आरोपों में 27 नामजद और 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। गुरुद्वारा छोटा घल्लूघारा साहिब की प्रबंधक कमेटी के प्रधान पूर्व विधायक मास्टर जौहर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने एसजीपीसी के सदस्य जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां, गुरिंदरपाल सिंह गोरा और जत्थेदार सुच्चा सिंह लंगाह, आप नेता कंवलप्रीत सिंह काकी सहित 27 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है।
रविवार को अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह की ओर से बुलाई गई बैठक से पहले सिख संगठनों व पुलिस में झड़प हुई। झड़प में कंवलप्रीत सिंह काकी के कुछ समर्थकों की पगड़ियां भी उछलीं। पुलिस ने पूर्व कैबिनेट मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह व सेवा सिंह सेखवा को भी गुरुद्वारा साहिब जाने से रोक दिया। वहां पुलिस की इन दोनों के समर्थकों के साथ धक्कामुक्की भी हुई थी।
गुरुद्वारा छोटा घल्लूघारा साहिब की लोकल प्रबंधक कमेटी के प्रधान पूर्व विधायक मास्टर जौहर सिंह ने पुलिस को दिए गए बयानों में बताया कि गुरुद्वारा साहिब बनाने के लिए उनके बुजुर्ग अवतार सिंह शाह निवासी गुन्नोपुर ने वर्ष 1930 में अपनी 11 कनाल जमीन दान दी थी। गुरुद्वारा साहिब का निर्माण करवाने के बाद प्रापर्टी की संभाल के लिए 1974 में एक ट्रस्ट बनाया था। ट्रस्ट ने गुरुद्वारा साहिब के लिए 16 एकड़ जमीन खरीदने के अलावा दीना हाल, लंगर हाल, अस्पताल के लिए इमारत बनाने के लिए अलावा निशान-ए-खालसा इंटरनेशनल एकेडमी भी चलाई जा रही है।
चढ़ावे को देखकर जत्थेदार सेखवां अकाली सरकार के समय से ही गुरुद्वारा सहिब पर एसजीपीसी अमृतसर का कब्जा कराना चाहते थे। गुरुद्वारा साहिब ट्रस्ट के विरोध के कारण वह अपने मंसूबों मे कामयाब नहीं हो सके। बीते दिनों गुरुद्वारा साहिब में हुई आपत्तिजनक घटना की आड़ में जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां रविवार को जत्थेदार सुच्चा सिंह लंगाह, एसजीपीसी के सदस्य गुरिंदरपाल सिंह गोरा और कंवलप्रीत सिंह काकी, गुरनाम सिंह, परमवीर सिंह लाडी, इकबाल सिंह लाडी, सरपंच लाल सिंह, नरिंदर सिंह वाड़ा, अवतार सिंह, कुलविंदर सिंह, पाला सिंह, सरबजीत सिंह, बलविंदर सिंह, सुखजिंदर सिंह, चैंचल सिंह, अमरजीत सिंह, जोरावर सिंह, गुरनाम सिंह, हरदीप सिंह, रछपाल सिंह लाडी, गुरप्रताप सिंह, दिलबाग सिंह व गुरमेज सिंह समेत 27 नामजद और 250 के करीब अज्ञात व्यक्तियों को साथ लेकर कब्जा करने की नीयत से गुरुद्वारा साहिब के दीवान हाल में दाखिल हुए। थाना भैणी मियां खां के सब इंस्पेक्टर नरिंदर सिंह ने बताया कि 27 नामजद और 250 अज्ञातों पर मामला दर्ज कर लिया है, मगर फिलहाल किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। एसएसपी भूपिंदर सिंह विर्क का कहना है कि गुरुद्वारे में ज्ञानी गुरबचन सिंह के अलावा सैकड़ों की संख्या में सिख संगत आई हुई थी। उनकी सुरक्षा के लिए ही पांच सौ से ज्यादा पुलिस कर्मियों को वहां तैनात किया गया था।