‘सरकारी काम के बदले पैसे मांगें तो बताएं’
पठानकोट पहुंचे ग्रामीण विकास मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा बोले
पठानकोट। ग्रामीण विकास मंत्री पंजाब तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के आदेश हैं कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों को मान सम्मान दिया जाए और समय पर उनके काम किए जाएं। उन्होंने कहा सरकारी काम के बदले कोई आप से पैसे मांगता है तो मुझसे (बाजवा से) संपर्क करें। आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिले के दौरे पर पहुंचे मंत्री बाजवा ने प्रबंधकीय कांपलेक्स में विधायकों, डीसी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पार्षदों के साथ मीटिंग करते हुए विभिन्न सरकारी स्कीमों का जायजा लिया। बाजवा ने अधिकारियों को लोगों के काम पहल के आधार पर करने की नसीहत दी और कहा कि कांग्रेस सरकार जनता से किए गए सभी वादे पूरे करेगी। उन्होंने कहा कि जिले के विकास में फंड की कमी नहीं आने दी जाएगी। जिले का विकास बिना किसी भेदभाव के किया जाएगा। उन्होंने जिले में शौचालय बनाने के कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। मीटिंग के दौरान मंत्री बाजवा ने विधायकों और पार्षदों की समस्याएं भी सुनीं। इस मौके पर जिला कांग्रेस प्रधान अनिल विज, विधायक पठानकोट अमित विज, विधायक भोआ जोगिंदर पाल, सुजानपुर से कांग्रेसी नेता अमित मंटू, डीसी नीलिमा, एसएसपी विवेकशील सोनी, आशीष विज, पार्षद पन्ना लाल भाटिया, विभूति शर्मा, रोहित स्याल, जुगल किशोर, विक्रम, राकेश बबली, अजय, शशि राणा आदि मौजूद थे।