इनोवा कार ने सड़क पार कर रही महिला और उसके साथ जा रही तीन बच्चियों को टक्कर मार दी। चारों को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की 6 साल की बच्ची की मौत हो गई। महिला औैर उसकी पांच साल की बेटी को गंभीर हालत में अमृतसर रेफर कर दिया गया है। उसकी भांजी का बटाला में ही इलाज चल रहा है। वहीं थाना रंगड़ नंगल पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। हादसा मंगलवार शाम को बटाला के गांव अम्मोंनंगल के पास हुआ।
जानकारी के अनुुसार गांव मनन की रहने वाली महिला संदीप कौर स्कूटी पर अपनी दोनों बेटियों तनवीर कौर (6), सुमन (5) और भांजी हरप्रीत कौर पुत्री कुलदीप सिंह के साथ गांव अम्मोनंगल के अड्डे पर शॉपिंग करने आई हुई थी। स्कूटी को एक तरफ लगाकर वह बच्चियों के साथ सड़क पार करने लगी। इसी दौरान मेहता साइड की तरफ से आ रही इनोवा ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर में उक्त चारों घायल हो गए। चारों को बटाला के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने तनवीर कौर को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का इलाज बटाला के डॉक्टरों ने शुरू कर दिया। थाना रंगड़ नंगल के एएसआई एवं जांच अधिकारी सुखराज सिंह ने बताया कि घायलों में महिला संदीप कौर और उसकी बेटी सुमन की गंभीर हालात को देखते हुए बटाला से अमृतसर रेफर कर दिया गया है। हरप्रीत कौर का इलाज बटाला में ही चल रहा है।