एक पिस्टल, दो खिलौना पिस्तौल, आठ एक्टिवा, दो मोटरसाइकिल और स्विफ्ट डिजायर बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। थाना वल्ला पुलिस ने राहगीरों से हथियारों के बल पर लूटपाट करने वाले एक गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह अब एक बैंक लूटने की योजना बना रहा था। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार और बैंक का नक्शा बरामद किया है।
पुलिस आयुक्त हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि टीम को गिरोह के बारे में सूचना मिली थी। आरोपी अवैध हथियारों और चोरी के वाहनों का उपयोग करते थे। वे वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर राहगीरों से लूटपाट करते थे। गिरोह के सदस्य सब्जी मंडी वल्ला के पीछे इकट्ठा होकर बैंक लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर इन्हें पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह उर्फ लवली, भारत उर्फ टिंडी, साहिल अंसारी, दीपु कुमार, शिव कुमार उर्फ जंडू और मनिंदरजीत सिंह के रूप में हुई है।
बरामद सामान और पिछली वारदातें
आरोपियों के कब्जे से .30 बोर की एक पिस्टल, दो खिलौना पिस्तौल, तीन दातर और एक कृपाण मिली है। साथ ही एक स्विफ्ट डिजायर कार, आठ एक्टिवा, दो मोटरसाइकिल, 10 मोबाइल और एक बैंक का नक्शा भी बरामद हुआ है। गिरोह के सदस्य इलाके में पहले भी लूटपाट की आठ वारदात को अंजाम दे चुके हैं। इन्होंने कई एटीएम मशीनों से नकद लूटा और बैंक की दीवारें तोड़कर चोरी की थी। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
- फोटो4