शॉर्ट सर्किट से घर में आग लगी, सामान जला
होली पर मोहल्ला सिंहपुरा में हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
होली पर शुक्रवार को शहर के मोहल्ला सिंहपुरा लमीनी स्थित एक घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित का आरोप है सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड मुलाजिम देर से पहुंची।
घर के मालिक कुलवंत सिंह ने बताया कि सुबह 11 बजे के करीब जब वह होली खेल रहे थे कि अचानक घर के भीतर से धमाके की आवाज आने के साथ ही आग लग गई। उन्होंने बताया कि जब तक वह कुछ समझ पाते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि जब तक फायर ब्रिगेड़ के कर्मचारी आग पर काबू पाते उनके घर का सारा सामान जल कर राख हो गया। आग की चपेट में आने से उनके घर का फ्रिज, टेलिविजन, पलंग, बिस्तर तथा अटैचियों में पड़े कीमती सामान भी जल कर राख हो गए।
कुलवंत सिंह ने बताया कि जिस तरह से घर से धमाके की आवाज आई उससे लगता है कि बिजली के तार शार्ट सर्किट के चलते उक्त हादसा हुआ है। परिवार ने बताया कि पहले फायर ब्रिगेड को फोन किया गया तो किसी ने नहीं उठाया। इसके बाद एक किमी दूर स्थित फायर ब्रिगेड कार्यालय में जाकर सूचना दी। इसके बदा फायर ब्रिगेड़ के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तब तक घर का सारा सामान जल चुका था।
‘परिवार की ओर से लगाए गए आरोप झूठे’
फायर अफसर नत्थू राम शर्मा ने कहा कि उक्त परिवार की ओर से लगाए गए आरोप झूठे हैं। आग की सूचना हेडक्वार्टर में दी गई थी। उसके बाद फायर स्टेशन को इसकी सूचना हेडक्वार्टर से मिली। ट्रैफिक समस्या और तंग गलियों से मौके पर पहुंचने में थोड़ी सी देरी जरूर हुई। लेकिन मौके पर पहुंच स्थिति पर काबू पा लिया गया था।
फोटो -2- पठानकोट में घर में लगी आग की जानकारी देता पीड़ित।