‘सीवरेज से यूबीडीसी को गंदा न करे काउंसिल’
अपरबारी दोआब नहर में गिर रहा है सीवरेज का गंदा पानी
डीसी ने काउंसिल अफसरों को एसटीपी निर्माण के दिए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। कुदरती जल स्त्रोतों में गंदगी फैलाना कानूनी अपराध है, यह कानून आम लोगों पर ही नहीं सरकारी विभागों पर भी लागू होता है। यह बात डीसी रामबीर ने नगर काउंसिल सुजानपुर के अधिकारियों से मीटिंग के दौरान कही।
डीसी ने काउंसिल अधिकारियों से कहा नगर काउंसिल सुजानपुर का सारा सीवरेज का पानी यूबीडीसी (अपरबारी दोआब) नहर में गिर रहा है, जिससे नहर का पानी गंदा हो रहा है और बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है, उन्होंने अधिकारियों को कहा कि जल्द से जल्द एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) लगाने संबंधी जरूरी कार्रवाई पूरी करें। इसके लिए जिस विभाग से अनुमति लेनी है, उसकी प्रक्रिया को पूरा करें।
डीसी ने इस दौरान अन्य विभागों के अधिकारियों से भी डेवलपमेंट के कामों की जानकारी ली। डीसी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि जिला में सड़कों का काम अधूरा है, मौसम अनुकूल होते ही काम पूरे करवाएं। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को कहा कि दफ्तरों में बुजुर्गों और महिलाओं के काम प्राथमिकता पर किए जाएं। मीटिंग में कमिश्नर कुलवंत सिंह, एडीसी (विकास) बलराज सिंह, एसडीएम डॉ. अमित महाजन, एसडीएम धार डॉ. निधी कलौत्रा, सहायक लोक संपर्क अधिकारी राम लुभाया मौजूद थे।