छोटी नहर का पानी बंद करने पर भड़के किसान
डेरा बाबा नानक के गांव शामपुरा में नहरी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। डेरा बाबा नानक के गांव शामपुरा के किसानों ने स्थानीय छोटी नहर से मिल रहे पानी को बंद करने के विरोध में भारतीय किसान एकता उगराहां के साथ मिलकर सोमवार को डेरा बाबा नानक-शामपुरा रोड जाम कर दिया। इस मौके पर यूनियन नेताओं ने नारेबाजी की और कहा कि जब तक किसानों को फसलों के लिए नहर का पानी चालू नहीं करवाया जाता, तब तक वह धरना नहीं उठाएंगे। इस नहर का पानी 108 एकड़ जमीन को मुहैया करवाया जाता था, अब इसके बंद होने से किसानों की फसलों पर काफी प्रभाव पड़ रहा है। फसलें खराब हो रही हैं।
इस दौरान किसान नेताओं ने कहा कि इस छोटी नहर का पानी बंद करके नहरी विभाग द्वारा किसानों के साथ धक्केशाही की जा रही है। उनका धान अब सूखने के कारण खराब हो रहा है। किसान अपना धान जोतने के लिए मजबूर हो चुके हैं। पिछले डेढ़ महीने से इस छोटी नहर का पानी विभाग ने बंद किया हुआ है। इस संबंध में किसान कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और संबंधित अधिकारियों को मांग पत्र भी दे चुके हैं, लेकिन किसी ने भी उनकी मांग की ओर ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि जब तक छोटी नहर का पानी दोबारा चालू नहीं हो जाता, तब तक वह सड़क पर से धरना नहीं उठाएंगे। उनका धरना लगातार जारी रहेगा। खबर लिखे जाने तक किसानों का प्रदर्शन जारी था। इस अवसर पर ब्लाक अजनाला के प्रधान कश्मीर सिंह, गुरिंदरबीर सिंह, जसपाल सिंह, सुखवंत सिंह, सरदूल सिंह, गुरप्रीत सिंह, सुखदेव सिंह, दलबीर सिंह, बुआ सिंह, मोहन सिंह, गुरप्रीत सिंह, काबल सिंह, सुरिंदरपाल सिंह, प्रगट सिंह, गुरमीत कौर, कुलविंदर कौर, जसबीर कौर, सुखविंदर कौर और कुलवंत सिंह समेत यूनियन नेता मौजूद थे।
फोटो- 06जीडीआरबीटीएलपी03
कैप्शन- डेरा बाबा नानक के गांव शामपुरा में प्रदर्शनकारी किसान नहरी विभाग के खिलाफ नारेेबाजी करते हुये।