‘प्लास्टिक उद्योग में होगा 1200 करोड़ का निवेश’
उद्योग में निवेश से पैदा होंगी 6 हजार नौकरियों : सुनील जाखड़
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान व गुरदासपुर से लोकसभा सदस्य सुनील जाखड़ ने कहा कि कैप्टन सरकार की तरफ से उठाए जा रहे कदम राज्य की कृषि व उद्योग क्षेत्र को फिर से जीवित करने के लिए सार्थक होंगे। गन्ने की की कीमत में बढ़ोतरी करने का निर्णय सहायक सिद्ध होगा। कांग्रेस सरकार ने राज्य में बनाए जा रहे प्लास्टिक कलस्टर के लिए 1200 करोड़ रुपये निवेश करने वाले 50 समर्थन पत्रों पर हस्ताक्षर किए हैं।
जाखड़ ने बताया राज्य सरकार ने गन्ना उत्पादन के हित में गन्ने के स्टेट एगरीड प्राइस (एसएपी)में बढ़ोतरी करने का निर्णय किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 के सीजन में गन्ने के दाम में 10 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि गन्ने की पहले लगाई जाने वाली किस्म के लिए एसएपी 300 रुपए प्रति कविंटल से बढ़ा कर 310 रुपए प्रति क्विंटल, मध्य किस्म के लिए 290 रुपये से बढ़ा कर 300 रुपये व देरी से लगाई जाने वाली किस्म के लिए दाम 285 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ा कर 295 रुपए प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को गेहूं व धान के फसली चक्र से निकालने के लिए प्रयासरत है।
प्रदेश कांग्रेस प्रधान ने किसानों संबंधी एक पांच सदस्य कमीशन का गठन करने के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब राज्य किसान व कृषि मजदूरों के बारे में कमीशन-2017 को जिला व ब्लाक स्तर पर कृषि सबंधी योजना तैयार करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अच्छी योजना से ही कृषि सेक्टर को फिर से जीवित किया जा सकता है और किसानों की आय में बढ़ोतरी की जा सकती है।
जाखड़ ने कहा कि इसी तरह मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य में औद्योगिक विकास को और भी तेज करेगी इसी उद्देश्य से पंजाब सरकार ने राज्य में बनाए जा रहे प्लास्टिक कलस्टर के लिए 1200 करोड़ रुपए निवेश करने वाले 50 समर्थन पत्रों पर हस्ताक्षर किए हैं। राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ाने के लिए बिजली दरों में किए जाने वाली कमी के कारण उद्योग उत्साहित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संगरूर, पटियाला, बठिंडा व लुधियाना में प्लास्टिटक उद्योग कलस्टर विकसित करना चाहती है। राज्य की नई उद्योग नीति में अलग अलग कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि निवेश के लिए साइन किए गए समर्थन पत्रों के साथ सूबे में करीब 6000 नौकरियां पैदा होंगी।