मानव संसाधन मंत्रालय की ओर से स्वच्छ भारत स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार-2016 के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इसमें देश भर के राज्यों से लाखों आवेदन मंत्रालय के पास पहुंचे हैं। जिला कपूरथला से 59 स्कूलों ने स्वच्छ भारत स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के लिए मंत्रालय के लिए ऑनलाइन ऐप पर रजिस्टर करवाया है।
इनमें से 21 स्कूलों का पुरस्कार के लिए चयन किया गया है। इनकी जांच के लिए डीसी जसकिरण सिंह ने एसडीएम नरिंदर सिंह की अगुवाई में दस सदस्यीय कमेटी का गठन भी कर दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी एलीमेंटरी गुरचरण सिंह ने बताया कि पांच मुख्य श्रेणियों में मार्क्स दिए जाएंगे। इनकी जांच के बाद ही देश भर में से स्वच्छ विद्यालय का चुनाव किया जाएगा। इस पुरस्कार को शुरू करने से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में स्वच्छता की अहमियत का पता चलेगा।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए अंतिम तिथि 17 अगस्त निर्धारित की गई थी। स्कूलों की चेकिंग के बाद गठित टीम इन्हें मार्क्स देगी। उसके आधार पर इन स्कूलों का विवरण मंत्रालय को भेजा जाएगा।
इन सुविधाओं के इतने मार्क्स
शुद्ध पेयजल : 22
शौचालय : 28
हैंडवॉश विद सोप : 20
आपरेशन एंड मेंटेनेंस : 15
स्वच्छ माहौल के चलते बच्चों के व्यवहार में बदलाव : 15
ये हैं कमेटी में शामिल
चेयरमैन एसडीएम कपूरथला नरिंदर सिंह, सचिव डीईओ एलीमेंटरी गुरचरण सिंह मुल्तानी, उप-सचिव डीईओ सेकेंडरी गुरभजन सिंह लासानी, सरकारी सदस्य सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लड़के के प्रिंसिपल बलविंदर सिंह, सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कांजली के लेक्चरार राजेश जॉली, सरकारी प्राइमरी स्कूल दुबुर्जी की ईटीटी शिक्षिका रचना पुरी, जल सप्लाई एंड सेनिटेशन विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर आरके तलवाड़, स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन डॉ. एचएस काहलों, गैर सरकारी संस्था (एनजीओ) से भारत जागृति मंच के एसके कालिया और लायंस क्लब कपूरथला के आरएस राणा शामिल हैं।