किसान और मजदूरों ने घेरा डीसी ऑफिस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब की गुरदासपुुर जोन कमेटी के नेतृत्व में सैकड़ों किसान-मजदूरों ने अपनी डीसी कार्यालय के समक्ष धरना दिया।
बख्शीश सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से लागू की जा रही नई आर्थिक नीतियों के कारण किसानी धंधों को बर्बादी की ओर ले जाया जा रहा है। किसानों की हालत बद से बदतर होती जा रही है। किसान कर्ज के बोझ तले दबे होने के कारण आए दिन खुदकुशी कर रहे हैं। इसके बावजूद केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों की मांगों की ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रही है।
किसानों का पिछले साल का सरकारी व प्राइवेट मिलों की ओर बकाया खड़ा है। उसे अब तक नहीं दिया जा रहा। इसके अलावा बेमौसमी बारिश के कारण किसानों की गेहूं की फसल, चारा व सब्जियां बर्बाद हो गई हैं। खेतों में पानी भरा है। इसके निकास का जिला प्रशासन द्वारा कोई उचित हल नहीं किया जा रहा है। कैप्टन सरकार की ओर से अब तक माल विभाग को स्पेशल गिरदावरी करके हुए नुकसान का जायजा लेने के आदेश नहीं दिए गए। इस कारण किसान निराशा के आलम के दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने किसानों की मुश्किलों की ओर ध्यान न दिया गया तो किसान सरकार के खिलाफ संघर्ष शुरू करने की रणनीति तैयार करेंगे। मौके पर रणजीत सिंह, सविंदर सिंह, कुलवंत सिंह, सुखदेव सिंह, सुखविंदर सिंह, राममूर्ति, करनैल सिंह उपस्थित थे।