अमृतसर। सरकारी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस की छात्रा का अकाउंट हैक कर आरोपियों ने उसके खाते से 2 लाख 27 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी ने पीड़ित छात्रा शिफाली को अपना नाम मेघना शर्मा बताया था। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना मजीठा रोड के इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिफाली से उस लड़की का मोबाइल नंबर और अन्य दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार शिफाली के अभिभावकों ने कुछ दिन पहले फीस के लिए उसके खाते में पैसे जमा करवाए थे। 4 मार्च को उसके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। उसने अपना नाम मेघना शर्मा बताया। उसने बताया कि जिस बैंक में उसका अकाउंट है उस खाते से आपका क्रेडिट कार्ड बन चुका है इसलिए खाते की कुछ जानकारी देनी होगी ताकि उन्हें कार्ड भेजा जा सके। मेघना ने उसे बातों में फंसाकर उससे पूरी जानकारी ले ली। इसके तुरंत बाद उन्हें संदेश मिला कि उसके बैंक खाते से 2 लाख 27 हजार 448 रुपये की राशि निकल चुकी है। िशफाली के मोबाइल पर जैसे ही यह संदेश आया उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों को दी।