रोजगार दफ्तर में नाम न दर्ज पर भड़के बेरोजगार
स्टाफ पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया
अतिरिक्त जिलाधीश को दिया मांगपत्र
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। रोजगार कार्यालय में नाम दर्ज कराने गए बेरोजगारों ने वहां के स्टाफ पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। साथ ही नाम दर्ज करने में आनाकानी करने का आरोप भी लगाया। सोमवार को बेरोजगार लड़के-लड़कियों का प्रतिनिधिमंडल रोजगार अधिकार आंदोलन पंजाब के नेतृत्व में अतिरिक्त जिलाधीश से मिला और उन्हें मांग पत्र दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिलाधीश को अवगत करवाया कि जब कोई रोजगार प्राप्त करने के लिए अपना नाम दर्ज करवाने के लिए रोजगार कार्यालय पहुंचता है त कर्मचारी अपने इंचार्ज अधिकारी की उल्टे सीधे सवाल करके या दस्तावेज में कमी निकालकर उन्हें परेशान करना शुरू कर देते है। जब बेरोजगार अपना नाम दर्ज करने के लिए कहता है तो उसके साथ गलत व्यवहार किया जाता है । कार्यालय से बाहर निकालने के लिए धक्के मारने से भी गुरेज नहीं करते। रोजगार अधिकारी आंदोलन पंजाब के नेता अर्षदीप सिंह, मनजीत सिंह, संदीप, अजय कुमार संघेर व धर्मवीर ने बताया कि अतिरिक्त जिलाधीश साहिब ने प्रतिनिधिमंडल की बात को ध्यान से सुना और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। वहीं चरणजीत कौर, प्रभजोत, नीलम ने कहा कि उनके नाम तुरंत दर्ज न किए गए और उनके साथ दुर्व्यवहार करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई न की गई तो संघर्ष के लिए अधिक से अधिक बेरोजगार लड़कियों को एकजुट किया जाएगा।