पूर्व डीजीपी के सुरक्षा गार्ड की गोली लगने से मौत
रात को पिस्टल को साफ करते हुए लगी गोली
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक सर्वजीत सिंह विर्क की सुरक्षा में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर की सर्विस रिवाल्वर साफ करते समय गोली लगने से मौत हो गई।
मृतक सहायक सब इंस्पेक्टर बलदेव सिंह निवासी गांव राजपुरा की पत्नी निर्मलजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका पति पांच दिन की छुट्टी पर गांव आया था। रात लगभग 9:30 बजे वह घर में अपने सरकारी पिस्टल को साफ कर रहा था कि पिस्टल में गोली रह जाने के कारण अचानक गोली चल गई जो बलदेव सिंह की आंख में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डी हरविंद्र संधू, गुरदासपुर सदर पुलिस स्टेशन इंचार्ज रजिंद्र कुमार पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर भेज दिया।