गांव की गलियों और घरों में भरा गंदा पानी
गुरदासपुर। गांव जीवनवाल में गंदे पानी की निकासी न होने के कारण कुछ गलियों व घरों में गंदा पानी भर जाने से नर्क जैसा माहौल बना हुआ है। इसकी सूचना मिलने पर हलका विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा और यूथ कांग्रेस के हलका प्रधान बलजीत सिंह पाहड़ा गांव पहुंचे। विधायक पाहड़ा ने संबंधित अधिकारियों को बुलाकर तुरंत काम शुरू करने के निर्देश दिए ।
गांववासी सोमनाथ, ओंकार नाथ, कंस राज, बिशन दास, सुभाष, मंगल, सुखविंदर, बिट्टू, कुलविंदर, चंचल आदि ने बताया कि करीब दो साल पहले गांव जीवनवाल की पंचायत ने गंदे पानी के निकासी के लिए कुछ हिस्से में सीवरेज सिस्टम डाला गया है। सीवरेज पाइपों का लेवल निकासी का पानी डालने के लिए बनाए गए छप्पड़ से काफी नीचे है। इससे पानी छप्पड़ में जाने की बजाए गलियों और लोगों के घरों में एकत्रित हो रहा है। सीवरेज सिस्टम पिछले कई सालों से पूरी तरह ठप होने के चलते गांव में नर्क जैसा माहौल बना हुआ है। लोगों की ओर से गलियों से गुजरने के लिए गंदे पानी से बचने के लिए ईंटों का सहारा लिया जा रहा है। इसके बावजूद स्कूली बच्चों व अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं किसी भी समय कोई भंयानक बीमारी भी फैल सकती है।
गांव जीवनवाल में गंदा पानी गलियों व घरों में एकत्रित होने की सूचना मिलने पर हलका विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा साथियों सहित गांव में पहुंचे। लोगों को परेशानी को देखते हुए विधायक पाहड़ा बीडीपीओ सुखजीत सिंह को उनकी टीम सहित मौके पर बुलाया । उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव के गंदे पानी की निकासी का प्रबंध करने के लिए तुरंत इस्टीमेट बनाकर काम शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि उक्त कार्य में पंचायत के खाते में पड़ी ग्रांट का इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने घोषणा की कि अगर पंचायत की खाते में पड़ी ग्रांट से उक्त कार्य मुकम्मल नहीं होता है तो वह अपनी जेब से पैसे खर्च कर काम पूरा कराएंगे।