हरदीप पुरी ने नामांकन भरने से पहले निकाला रोड शो
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा और यूथ अकाली दल के इंचार्ज बिक्रम मजीठिया रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर। भाजपा उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने शुक्रवार को नामांकन पत्र भरने से पहले एक रोड शो निकाल गुटबाजी में उलझी स्थानीय भाजपा इकाई को एकजुट किया। पूरी का नामांकन पत्र दाखिल करवाने के लिए विशेष रूप से हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रभारी वित्त मंत्री हरियाणा कैप्टन अभिमन्यु और केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा गुरुनगरी पहुंचे।
हरदीप पुरी का नामांकन पत्र भराने के लिए पहुंचे नेता प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मालिक के कोर्ट रोड स्थित निवास अस्थान से एक खुले ट्रक से रवाना हुए। ग्रामीण विधानसभा हलकों से अकाली दल के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे। पूरी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ कचहरी स्थित चुनाव अधिकारी विकास हीरा के दफ्तर पहुंचे और अपना नामांकन भरा।
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पुरी केंद्र सरकार में रहते हुए भी अमृतसर की सेवा करते रहे हैं। इस बार भी लोगों का प्यार देख कर लगता है कि उनकी जीत सुनिश्चित है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्वेत मलिक ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं में अपने प्रत्याशी को लेकर भारी उत्साह है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया, राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ, प्रदेश संगठन मंत्री दिनेश कुमार, प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर, सांसद हरिंदर सिंह खालसा, राजिंदर मोहन सिंह छीना, पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला, वीर सिंह लोपोके, डॉ. बलदेव राज चावला, अनिल जोशी, रीना जेटली, जिला अध्यक्ष आनंद शर्मा, राम शरण, जिला अकाली जत्था शहरी प्रधान गुरप्रताप सिंह टिक्का मौजूद थे।
सिद्धू अहंकारी, किसी भी विचारधारा के साथ नहीं जुड़े : मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस के मंत्री नवजोत सिद्धू पर तंज कसते हुए कहा कि जब वह पंजाब के प्रभारी थे, तब भी छोटी-छोटी बातों में उलझते थे, यह उन्हें आज भी याद है। सिद्धू का व्यक्तित्व ही अहंकारी है। सिद्धू के पास राष्ट्रीय विचारधारा का अभाव है। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह अहंकार में डूबे हैं इसलिए वह अपने मंत्रियों और विधायकों पर लोक सभा चुनाव जीतने का दबाव डाल रहे हैं।