पठानकोट में खुलेगा सौ सीटर कॉल सेंटर
केंद्र की बीपीओ योजना के तहत यूथ को रोजगार देने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
केंद्र की मोदी सरकार की बीपीओ यानि बिजनेस प्रोसेसिंग आउटसोर्स परियोजना के तहत यूथ को रोजगार देने के लिए जिले में कॉल सेंटर जल्द खुलने जा रहा है। पहले चरण में सौ सीटर कॉल सेंटर खुलेगा। दिल्ली की एक निजी कंपनी को इसका टेंडर दे दिया गया है। जल्द ही कंपनी कॉल सेंटर शुरू करेगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।
केंद्र सरकार बड़े शहरों की तरह ही देश के छोटे शहरों में भी बीपीओ लाने जा रही है। बिजनेस प्रोसेसिंग आउटसोर्स वह कंपनियां होती हैं जो देश में बैठकर ही विदेशी कंपनियों के लिए काम करती हैं। इन्हीं कंपनियों के अधीन देश के युवा काम करते हैं। बड़े शहरों में बीपीओ कई सालों से काम कर रहे हैं। छोटे शहर अभी भी इससे वंचित हैं। केंद्र सरकार ने अब पठानकोट जैसे छोटे शहरों में भी बीपीओ लाने की तैयारी की है।
विधायक अमित विज ने बताया कि सरकार की इस योजना के तहत दिल्ली की एनवीआर एसोसिएटस नाम की कंपनी ने टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लेते हुए 100 सीटर कॉल सेंटर पठानकोट में खोलने का टेंडर हासिल कर लिया है। जल्द ही कंपनी काम शुरू कर देगी। स्थानीय युवाओं को इससे शहर में ही रोजगार का अवसर मिलेगा। इसके अलावा 100 सीटर कॉल सेंटर मोहाली में भी खुलेगा। दोनों जगहों पर पठानकोट से 300 युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है।
1500 युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य: विधायक
विधायक अमित विज ने कहा कि बीपीओ योजना के तहत उनका लक्ष्य हलके के करीब 1500 युवाओं को रोजगार देने का है। पहले चरण में 100 सीटों के कॉल सेंटर का टेंडर हो गया है। करीब 1000 सीटों वाले कॉल सेंटर हलके में लाने की योजना ह, ताकि 1500 युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि इस योजना में युवाओं को जोड़ने के लिए यूथ कांग्रेस नेता आशीष विज के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। टीम के सभी सदस्य यूथ है, जो हलके के युवाओं को इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रेेरित करेंगे।