विज्ञापन ठेके में होगा 29 लाख का इजाफा
नगर निगम 4 दिसंबर को ठेके के लिए लगवाएगा बोली
पिछली बार 1.24 करोड़ का था ठेका, इस बार होगा 1.53 करोड़
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट।
नगर निगम की ओर से शहर में लगने वाले विज्ञापन होर्डिंग का ठेका 4 दिसंबर को बोली के माध्यम दिया जाएगा। इस बार ठेके की रकम में 29 लाख रूपये का इजाफा होगा। इस बार नगर निगम ने ठेके की रकम 1 करोड़ 53 लाख रखी है। जबकि पिछली बार यह ठेका 1 करोड़ 24 लाख का था। यह ठेका 3 साल का होगा।
विज्ञापन ठेके की बोली के लिए नगर निगम ने 15 लाख 30 हजार रुपये रिजर्व प्राइस तय किया है। नगर निगम का विज्ञापन ठेका इसी महीने खत्म हो रहा है। अगले तीन साल के लिए विज्ञापन होर्डिंगों का काम ठेके पर देने के लिए 4 दिसंबर को नगर निगम की ओर से बोली का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम के सुपरिडेंट इंदरजीत सिंह ने बताया कि शहर पठानकोट की हद के अधीन आते क्षेत्र में विज्ञापन होर्डिंग आदि लगाने का ठेका बोली से दिया जाएगा। इस बार बोली प्रक्रिया के लिए 15.30 लाख रुपये रिजर्व प्राइस रखा गया है।
ठेका हासिल करने वाले ठेकेदार को नगर निगम की शर्तें माननी पड़ेंगी। ठेकेदार को यह ठेका तीन साल के लिए दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर नगर निगम के इस विज्ञापन ठेके की बोली में हर बार की तरह एक दिक्कत फिर से सामने आएगी। यह दिक्कत पिछले बोर्ड हटाने की जिम्मेदारी की है। नगर निगम की ओर से बोली में पिछले ठेके के दौरान लगे बोर्डों की जिम्मेदारी तय नहीं की गई है। हर बार की तरह बोलीकर्ताओं को इस बार भी इसी बात की शिकायत है कि नगर निगम पुराने बोर्ड नहीं हटवाता है। इस कारण नए ठेके के कार्यकाल के शुरूआती महीने पुराने बोर्ड हटाने में ही निकल जाते हैं। वहीं सुपरिडेंट इंदरजीत सिंह ने कहा कि पुराने बोर्ड हटाना नगर निगम का काम नहीं है। ठेके की शर्तों में इसकी जिम्मेदारी तय तो नहीं है। नए ठेकेदार को ही पुराने बोर्ड हटवाने होंगे।