बटाला। डेरा रोड पर स्थित गांव गोखूवाल के पास मंगलवार को ट्रक से गेहूं की बोरियों को लोडिंग अनलोडिग करने वाले युवक की संदिग्ध हालत में हुई मौत को लेकर बुधवार को मृतक के परिजनों ने बवाल काटा। मृतक के परिजनों ने जीटी रोड पर एक घंटा प्रदर्शन किया। नाराज प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि युवक की हत्या की गई है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज करे। वहीं पुलिस के आश्वसन के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन बंद किया।
प्रदर्शन के दौरान मृतक जतिंदर कुमार उर्फ हैपी के पिता सतपाल निवासी कत्थूनंगल, पत्नी सुषमा और ससुर राम लाल ने बताया कि पुलिस ने जतिंदर कुमार की मौत को लेकर 174 की कार्रवाई की है। जतिंदर की हत्या की गई है। पारिवारिक सदस्यों ने जतिंदर कुमार की मौत का जिम्मेदार ट्रक के ड्राइवर, कंडक्टर समेत चार लोगों को ठहराया और उक्त चारों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग रखी। नाराज परिजनों ने कहा कि दूसरा पक्ष मामले को रफा दफा करने के लिये उनको पैसे देने की आफर कर रहा है। उन्हें इंसाफ चाहिए, जो पुलिस नही कर रही।
उन्होंने बताया कि उनकी मांग है कि पुलिस हत्या का मामला दर्ज करे। गौर हो कि मंगलवार को सुबह डेरा रोड पर मृतक जतिंदर कुमार की गेहूं से भरे ट्रक के पास संदिग्ध रूप से मौत हो गई थी। इसे लेकर थाना सिविल लाइन बटाला ने 174 की कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम करवा दिया था। वहीं पुलिस का कहना था कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।