बेगमपुरा सुपरफास्ट की चपेट में आकर एक व्यक्ति और चार भैंसों की मौत
भैंसों को ट्रैक किनारे चराने ले गया था गुज्जर समुदाय का कौंतरपुर निवासी मक्खन
हादसे के कारण बेगमपुरा 40 मिनट व मद्रास रेलगाड़ी 20 मिनट हुई लेट
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। पठानकोट-नई दिल्ली रेलखंड के अधीन आते मीरथल/कंदरोड़ी रेलवे स्टेशन पर वीरवार सुबह करीब 10:15 बजे 60 वर्षीय व्यक्ति सहित चार भैंसों की सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गांव कंडरां कौंतरपुर निवासी मक्खन सिंह सुबह अपनी भैंसों को रेलवे पटरियों के पास चरा रहा था कि इतने में अचानक बनारस से चलकर जम्मूतवी की ओर जा रही रेलगाड़ी संख्या नंबर 12237 बेगमपुरा सुपरफास्ट रेलगाड़ी मीरथल-कंदरोड़ी रेलवे स्टेशन पर पड़ते किलोमीटर 94/23 के पास से गुजरने लगी तो चारा खा रही भैंसें रेलगाड़ी का हार्न सुनकर पटरियों के बीच दौड़ पड़ी। जिसके चलते मक्खन ने भैंसों को रेलगाड़ी से बचाने का प्रयास किया, लेकिन रेलगाड़ी की रफ्तार अधिक होने के चलते वह अपनी भैंसों को बचा नहीं पाया और खुद भी ट्रेन से टकराकर विद्युत संचालित पिलर के साथ जा टकराया। ट्रेन की गति तेज होने के कारण मक्खन के शरीर का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह कुचला गया। जीआरपी चौकी पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन के इंचार्ज पलविन्द्र सिंह, एएसआई अनिल कुमार को ट्रेन में मौजूद एस्कॉर्ट पार्टी ने जानकारी दी तो सभी अधिकारी पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पलविंद्र सिंह ने कहा कि रेलगाड़ी की रफ्तार अधिक होने के चलते उसकी चपेट में आई चारों भैंसें अलग-अलग बिखरी पड़ी थीं और हादसे के कारण बेगमपुरा सुपरफास्ट रेलगाड़ी 40 मिनट तक खड़ी रही। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।
प्रभावित हुई जम्मूतवी-कटड़ा जाने वाली रेल गाड़ियां
इस हादसे के कारण 10:30 बजे पठानकोट कैंट पहुंचने वाली रेलगाड़ी संख्या नंबर 12237 बेगमपुरा सुपरफास्ट अपने निर्धारित समय से करीब 40 मिनट की देरी के साथ 11:10 बजे कैंट स्टेशन पहुंची। वहीं मद्रास से चलकर कटड़ा को जाने वाली रेलगाड़ी संख्या नंबर 16687 अंडमान एक्सप्रेस भी लगभग 20 मिनट देरी से कैंट स्टेशन पहुंची। जिसके चलते यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
फोटो:-2-हादसे में ट्रैक किनारे मरी पड़ी भैंसें और मक्खन सिंह