तीन दिन से अंधेरे में पाश एरिया
पठानकोट।
शहर के पाश एरिया में गिने जाने वाले मिशन रोड पर तीन दिन से स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। स्ट्रीट लाइटों को चालू करना तो दूर नगर निगम बंद होने का कारण भी नहीं ढूंढ पाया है। नगर निगम के अधिकारियों से लेकर मेयर तक सब एक ही जवाब दे रहे हैं कि लाइटें कल तक ठीक करवा दी जाएंगी। लाइटें बंद क्यों हैं, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
मिशन रोड पर उद्योगपतियों, राजनीतिक और रसूखदार हस्तियों के घर हैं। मेयर अनिल वासुदेवा का घर भी यहीं है। इसी रोड पर कई अस्पताल भी हैं। सेना का डिपो भी यहां स्थित है। पिछले तीन दिन से यहां की स्ट्रीट लाइटें बंद होने पर भी नगर निगम की नींद नहीं खुली है। अंधेरा होने से इलाके के लोगों को चोरी, लूट की घटनाओं का भय सता रहा है। वहीं हादसे होने की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में नगर निगम के एक्सईएन सतीश सैनी का कहना है कि मामला उनके ध्यान में है। कल तक लाइटों को रिपेयर करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाइटों के बंद होने का कारण उन्हें नहीं पता है। मेयर अनिल वासुदेवा ने भी कारण न पता होने की बात कहते हुए कहा कि रिपेयरिंग का काम चल रहा है। कल तक लाइटें ठीक हो जाएंगी।
मेयर समेत दस घरों के बाहर लाइटें ठीक
मिशन चौक के तरफ से शुरूआत में ही मेयर का घर स्थित है। मेयर समेत अगले दस घरों तक स्ट्रीट लाइटें बिल्कुल ठीक हैं। लउससे आगे के एरिया में स्ट्रीट लाइटें पूरी तरह बंद हैं। करीब दो किलोमीटर से अधिक लंबे इस रोड का अधिकतर हिस्सा अंधकार में डूबा है। मेयर के घर से सेंट थॉमस स्कूल तक लाइटें जल रही हैं। उससे आगे के डेढ़ किलोमीटर से अधिक लंबे रोड पर कहीं भी लाइट नहीं जल रही है।