जवान शहीद हो रहे थे, मोदी फोटो खिंचवा रहे थे: जाखड़
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने तिब्बड़ी रोड पर रखा रेलवे अंडर ब्रिज का नींव पत्थर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और गुरदासपुर सांसद ने शनिवार को केंद्र सरकार पर तीखा सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा जहां ऊपर वाले ही जनता से झूठ बोल कर सत्ता से आए, वहां नीचे वालों को दोष देने का कोई फायदा नही। यह जनता तय करेगी कि किन तिलों में तेल है और किसमें नही। लोगों को भ्रम में नही डालना चाहिए। जाखड़ ने तिब्बड़ी रोड पर बनने वाले रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) का नींव पत्थर रखने पहुंचे थे।
स्वर्ण सलारिया का नाम लिए बिना जाखड़ ने वार करते हुए कहा कि जो काम पैसों से होगा, वह पैसों से होगा, बातों से नहीं। जो लोग प्रेस कांफ्रेंस करते फिरते हैं, उन्हें यह तक नहीं पता कि डिपोजिट क्या होता है। वह रेलवे मंत्री पीयूष गोयल का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी काम के लिए मना नही किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गुरदासपुर फेरी के दौरान पंजाब के लिए कुछ भी ऐलान न करने पर जाखड़ ने कहा कि वह केवल भाषण देकर यहां से चलते बने। प्रधानमंत्री केवल नसीहत दे कर गए है कि वह किसी के हितैषी नहीं हैं, उनका केवल अपना स्वार्थ है। पुलवामा हमले संबंधी उन्होंने कहा कि आज कहां है 56 इंच का सीना, जब जवान शहीद हो रहे थे तो प्रधानमंत्री पार्क में बैठ कर फोटो खिंचवा रहे थे।
जाखड़ ने कहा कि पठानकोट में नौ फाटक करीब सारा दिन बंद रहते है, जिसके लिए वह रेल मंत्री गोयल से भी मिले है, यह करीब 250 से 300 करोड़ का प्रोजेक्ट है, जिसकी मंजूरी मिलने तक पता नही कौन मंत्री आएगा। फिर भी इस पूरे प्रोजेक्ट संबंधी पंचकूला की एक कंपनी को हायर किया गया है. जिसे 35 लाख रुपए अदा किए जा चुके है, जो इसका प्रपोजल तैयार करेगी।
विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा ने बताया जल्द ही गुरदासपुर में 32 करोड़ की लागत से बनने वाले बस स्टैंड का भी नींव पत्थर रखा जाएगा। उन्होंने परचे तथा बदले की राजनिति पर कहा कि अगर वह बदला खोरी की राजनीति करते तो आज पूर्व सीपीएस व विधायक गुरबचन सिंह बब्बेहाली घर में नहीं, जेल में होते।