चौक पर महिला का शव रखकर प्रदर्शन
ट्राली चालक की गिरफ्तारी न होने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
श्रीहरगोबिंदपुर के गांव ढपई के निकट दुर्घटना में मारी गई महिला के परिजनों ने पुलिस की ढीली कार्रवाई के खिलाफ रविवार की शाम को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतका का शव हरचोवाल चौक में रख कर धरना दिया, जिससे चौक में काफी देर तक ट्रैफिक जाम हो गया। परिजन ट्राली ड्राईवर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि शनिवार को गांव ढपई का रहने वाला नरिंदर सिंह अपनी पत्नी अनु के साथ स्कूटी पर स्कूल जा रहा था। आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली चालक की लापरवाही के कारण स्कूटी ट्रैक्टर की चपेट में आ गई थी। हालांकि पुलिस ने ट्रैक्टर चालक अमरीक सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई। रविवार को शव के पोस्टमार्टम के बाद पारिवारिक सदस्यों ने पुलिस से ड्राइवर को गिरफ्तार करने की मांग की।
संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने से गुस्साए परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे अकाली नेता मंगल सिंह बटाला ने कहा कि पुलिस ट्राली ड्राईवर को गिरफ्तार नहीं कर रही और उसे बचने का मौका दे रही है। ड्राईवर की लापरवाही से यह हादसा हुआ है।ुलिस ने आरोपी को जल्दी गिरफ्तार नहीं किया, तो फिर धरना दिया जाएगा। दूसरी तरफ पुलिस चौकी हरचोवाल के इंचार्ज एएसआइ गुरदेव सिंह ने बताया कि आरोपी ड्राईवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।