सैन्यकर्मी की लेह में ब्रेन अटैक से मौत
दो वर्ष पूर्व ग्रेफमें भर्ती हुए थे गांव आवंखा के प्रेम कुमार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
कस्बा दीनानगर में दो वर्ष पूर्व ग्रेफ (जनरल रिजर्व इंजीनियरिंग फोर्स) में भर्ती हुए गांव आवंखा के नौजवान प्रेम कुमार की लेह में ड्यूटी के दौरान गत दिनों ब्रेन अटैक होने से मौत हो गई। इससे पूरे गांव वासी सदमे में है।
मृतक प्रेम कुमार के भाई बोधराज ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब 8:30 बजे उसके भाई की ड्यूटी के दौरान ब्रेन अटैक होने से मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर उनकी ड्यूटी है, वहां पर आक्सीजन की बेहद कमी होती है। उनके भाई प्रेम कुमार ने 5 जनवरी को अधिकारियों को पत्र लिखकर छुट्टी के लिए आवेदन किया था। अधिकारियों ने छुट्टी को नामंजूर कर दिया था। मृतक की पत्नी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके पति प्रेम कुमार सिर में दर्द बताते थे, जिसके चलते वह बेहद परेशान रहते थे। उनकी पत्नी ने बताया कि वह छुट्टी न दिए जाने के चलते नाराज रहते थे। उन्होंने बताया कि उनके दो बेटे 4 व 5 वर्ष के हैं। रविवार की सुबह उनके शव को पैतृक गांव आवंखा में लाया गया, पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर मृतक प्रेम कुमार के परिजनों ने सरकार से गुहार लगाई है कि उनकी आर्थिक रूप से सहायता की जाए।