शहर में जगह-जगह लगे हैं कूड़े के ढेर
अमर उजाला ब्यूरो
तरनतारन।
जिले में स्वच्छ भारत मुहिम का असर कहीं भी नही दिखाई दे रहा है। शहर में कई स्थानों पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे हैं। इससे लोगों को बीमारियों का डर सता रहा है।
शहर के जंडियाला रोड पर सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कन्या, सिविल अस्पताल तरनतारन के बाहर स्थि डंप से कूड़ा सड़क बिखरा पड़ा है। सफाई कर्मी सड़क का सारा कूड़ा एकत्रित करके शहर की पुरानी अनाज मंडी में फेंक जाते है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी हरिकृष्ण लाल अरोड़ा ने बताया कि सुबह के समय नगर काउंसिल के कर्मचारी रेलवे रोड पर झाडू लगाने के बाद सारा कूड़ा पुरानी अनाज मंडी में इकट्ठा कर देते है, जिससे जहां से गुजरने वाले प्रत्येक राहगीर को बदबू सहन करनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि इस संबंधी कई बार हलका विधायक व नगर काउंसिल के अधिकारियों को अवगत करवाया गया। इसके बाद समस्या जस की तस है।
नगर काउंसिल के ईओ मनमोहन सिंह रंधावा का कहना है कि शहर में साफ सफाई रखने के लिए कर्मचारियों को सख्त आदेश दिए गए है। उन्होंने कहा कि शहर को साफ सुथरा रखना ही नगर काउंसिल का कर्तव्य है व अगर कोई ऐसा क्षेत्र है जहां पर कूड़े के ढेर पाए जाते है या डंप से कूड़ा बाहर निकलता है तो इसके लिए कर्मचारियों को हिदायतें दी जाएगी।