कंडी, बॉर्डर के इलाके काफी पिछड़े: पाहडा
विकास के लिए केंद्र से हिस्सेदारी में बढ़ोत्तरी करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
राज्य के कंडी और बार्डर के इलाके काफी पिछड़े हुए हैं। इस संबंध में पंजाब सरकार ने गत दिनों केंद्रीय वित्त मंत्री के समक्ष यह बात रखी गई थी। इन इलाकों में बार्डर एरिया डेवलपमेंट स्कीम और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अधीन केंद्र की हिस्सेदारी में बढ़ोत्तरी करे तो इन इलाकों का तेजी से विकास कराया जा सकत है। यह जानकारी हलका गुरदासपुर के विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति में दी।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवर फसलों को खराब कर देते हैं, जिसके चलते पंजाब सरकार इलाके की फसल की रक्षा के लिए जाल लगवाने के लिए किसानों को 50 करोड़ रुपये की सब्सिडी उपलब्ध करवाएगी। सरकार की ओर से राज्य के कंडी क्षेत्र के 13 विधानसभा हलकों के लिए प्रति हलका 20 ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। विधायक पाहड़ा ने कहा कि कैप्टन सरकार राज्य के सर्वपक्षीय विकास के लिए प्रयासरत है और पढ़े-लिखे नौजवानों के साथ-साथ अनपढ़ों को भी नौकरियां देने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य के उद्योगों को 5 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। आने वाले समय दौरान भी यही दर बरकरार रहेगी। उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार ने स्टैंप ड्यूटी को कम कर 6 प्रतिशत किया है, जिससे राज्य की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।