युवाओं के लिए बनाएंगे यूथ पॉलिसी : सिद्धू
बोले- नौजवानों में सूबे के विकास को शिखर तक ले जाने की शक्ति
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
कैबिनेट मंत्री नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि नौजवान शक्ति किसी भी स्थिति को बदलने की ताकत रखती है। पंजाब के नौजवानों में सूबे का विकास को शिखर तक ले जाने की शक्ति है। युवा वर्ग के सुनहरे भविष्य के लिए पंजाब सरकार की ओर से यूथ पॉलिसी तैयार की जा रही है, ताकि युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और विकास के अधिक से अधिक मौके पैदा किए जा सकें।
सिद्धू ने बुधवार को वीएमएस कॉलेज में इंटर कॉलेज युवक मेले के दौरान लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एक आंकडे़ के मुुताबिक सूबे में 58 फीसदी आबादी नौजवानों की है, मगर अब तक उनके लिए कोई नीति नहीं बनाई है, जो हैैरानी की बात है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इंग्लैंड जैसे देश अपने युवाओं की बेहतरी के लिए शिक्षा पर जीडीपी का 7 से 8 फीसदी खर्च कर रहे हैं। वहीं भारत इस पर मात्र 3.5 फीसदी बजट खर्च कर रहा है। केंद्र सरकार ने अपने पिछले बजट में नौजवानों के लिए देश में हुनर विकास केंद्र खोलने का वादा किया था, जो सिर्फ कागजों में ही रह गया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वह राहुल गांधी को निवेदन करेंगे कि वह 23 मार्च को शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस के मौके पर खटकड़ कलां में पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि भेंट करें। उन्होंने कहा कि सूबा सरकार की ओर से बटाला में गुरु नानक देव का विवाह पर्व औैर शिव कुमार बटालवी का जन्मदिन पूरे उत्साह से मनाया जाएगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री अश्वनी सेखणी ने कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्घू को सम्मानित किया। इस अवसर पर गुुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर जसपाल सिंह संधूू, डीसी गुरलवलीन सिंह सिद्धू, एसडीएम बटाला रोहित गुप्ता, एसएसपी बटाला उपिंदरजीत सिंह घुम्मन और अभिनव सेखड़ी भी मौजूद थे।
फोटो- 17जीडीआरबीटीएलपी02
कैप्शन बटाला में आयोजित समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को सम्मानित करते हुए।