खाली थाली, चम्मच पकड़ कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की
गुरदासपुर। न्यू इर्जटन वूलन मिल धारीवाल के कर्मचारियों का पिछले 20 महीनों से वेतन नहीं मिलने के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ चल रहा रोष प्रदर्शन लगातार 8वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान धारीवाल के मुख्य बाजारों मे जोरदार रोष प्रदर्शन करते हुए मोदी, अमित शाह, स्मृति ईरानी और अरुण जेटली मुर्दाबाद के जोरदार नारे लगाकर हाथों में खाली चम्मच थाली पकड़कर जोरदार प्रदर्शन किया गया।
मजदूर नेता नरिंदर सिंह ने कहा कि सरकारें लोगों के मसले हल करने के लिए बनती हैं। जबकि अपनी मांगों संबंधी रोष कर रहे मजदूरों के सैकड़ों परिवारों का दुख सुनने के लिए कोई भी राजनीतिक नेता और प्रशासनिक अधिकारी नहीं आया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लोग वोट लेने वालेे समय बड़े बड़े वादे करके जीतकर भ्रष्टाचार करके अपनी करोड़ों की जायदाद बना लेते हैं। लेकिन मजदूर 71 साल से आजादी के बाद भी भुखमरी का शिकार बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस समय दौरान उनके 9 मजदूर साथी आर्थिक तंगी के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। नेताओं ने कहा कि भाजपा ने 2014 में सबका साथ सबका विकास का नारा लगाकर केंद्र में सत्ता हासिल की थी। जबकि इसके उल्ट मजदूर विरोधी नीतियां अपनाकर मजदूरों से रोटी, कपड़ा और मकान भी छिन लिया है। मजदूर नेताओं ने कहा कि जब तक मिल मजदूरों का वेतन जारी नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर सुरिंदर बल्लू, क्लरीकल यूनियन के प्रधान दिनेश नंदा, अजैब सिंह, अशोक कुमार, डॉ. कमल शर्मा, सुशील कुमार, बलदेव राज, राज कुमार, राकेश शर्मा, मुनीश्वर पाल, कपिल देव आदि उपस्थित थे।