गुरदासपुर पुलिस ने गैंगस्टर विक्की गौंडर के करीबी रविंदर सिंह उर्फ ज्ञान खरलांवाला और उसके साथी गैंगस्टर शमशेर सिंह शेरा को कड़ी सुरक्षा के बीच वीरवार को अदालत में पेश किया। बता दें कि 20 अप्रैल 2017 को गुरदासपुर में औजला बाईपास पर हुए गैंगवार में गैंगस्टर ज्ञान खरलांवाला ने दिन दिहाड़े रविंदर सिंह उर्फ जट्ट और हरप्रीत सिंह उर्फ सूबेदार और हैप्पी को मौत के घाट उतार दिया था।
इस मामले में वीरवार को उसे पटियाला जेल से गुरदासपुर की अदालत में पेश किया गया। पटियाला जेल से गैंगस्टरों को पेशी के लिए लेकर आए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आज गुरदासपुर अदालत में दो गैंगस्टरों को पेश किया गया है। ज्ञान खरलांवाला को 27 फरवरी, जबकि गैंगस्टर शमशेर सिंह शेरा के मामले की अगली सुनवाई 28 फरवरी को होगी।
गैंगस्टर हरप्रीत सिंह सूबेदार, रविंदर सिंह जट्ट और हैप्पी को विक्की गौंडर, ज्ञान खरलावाला और शमशेर सिंह शेरा आदि ने उसी प्रकार मौत के घाट उतारा था, जिस प्रकार गैंगस्टर सुक्खा काहलवां का कत्ल किया गया था। सूबेदार अपने साथियों समेत पेशी से घर जा रहा था।
इस दौरान विक्की गौंडर ग्रुप ने सरेआम दिनदिहाड़े बब्बेहाली को जाते फ्लाईओवर के नीचे कार से कार टकरा कर मौत के घाट उतार दिया था। इस गैंगवार में दामनप्रीत ने गाड़ी के नीचे बैठ कर जान बचाई थी, जबकि एक अन्य सुख भिखारिवाल ने मौके से भाग कर अपनी जान बचाई थी।