पंजाब पुलिस के मुखिया की बदली के साथ ही पुलिस का चेहरा भी बदलना शुरू हो गया है। नए डीजीपी गौरव यादव ने अपने अनुभव के आधार पर दमदार अधिकारियों को फील्ड में उतारा है। नारको टेरर के खतरे को देखते हुए उन अधिकारियों को मैदान में उतारा गया है जिन्हें आतंकवाद के खिलाफ लड़ने का अनुभव रहा है।
बटाला एक सरहदी जिला है, जिस पर सतिंदर सिंह को तैनात किया गया है। सतिंदर सिंह का आतंकवाद के खिलाफ लंबा अनुभव है और उनका कार्यकाल काउंटर इंटेलिजेंस और खुफिया विभाग में बीता है। सतिंदर सिंह पहले काउंटर इंटेलिजेंस में थे और उनको बटाला में एसएसपी लगाया गया है। जिस तरह से पंजाब में अलगाववादी नारे दीवारों पर लिखे जा रहे है और गर्मख्यालियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है, बटाला में सतिंदर सिंह की तैनाती को उससे जोड़कर देखा जा रहा है।
जालंधर देहात में एसएसपी रहे स्वप्न शर्मा को सरहदी जिले अमृतसर रूरल में भेजा गया है। स्वप्न शर्मा फील्ड में कार्य करने में निपुण माने जाते हैं और पंजाब में उनका आपॅरेशन गैंगस्टर्स के खिलाफ चल रहा है। लगातार तीन बड़े नेटवर्क ध्वस्त कर स्वप्न शर्मा ने डीजीपी की गुड बुक में स्थान हासिल कर लिया है।
दीपक हिलोरी को लुधियाना रूरल से हटाकर गुरदासपुर का एसएसपी लगाया गया है। गुरदासपुर भी सरहदी जिला है और दीपक हिलोरी की गिनती भी तेजतर्रार अधिकारियों में होती है। सुरिंदर लांबा को फिरोजपुर का नया एसएसपी लगाया गया है। फिरोजपुर में ड्रोन के अलावा काफी ड्रग पाकिस्तान से आती रही है। ऐसे में लांबा का काफी अनुभव है।
हरकमलप्रीत सिंह खख को पठानकोट का एसएसपी लगाया गया है। खख की गिनती उन अधिकारियों में होती है, जिनकी आतंकवादी संगठनों के अलावा सीमावर्ती जिलों में ड्रग तस्करों पर खासी पकड़ है। खख लंबे समय तक काउंटर इंटेलिजेंस के अलावा पाकिस्तान से लगते मजीठा जिले में तैनात रहे हैं। पंजाब से लेकर कनाडा तक की ड्रग तस्करी के बड़े रैकेट ध्वस्त करने में खख की गिनती पहली कतार के अधिकारियों में होती है। पठानकोट बिल्कुल पाकिस्तान से सटा हुआ है और भारतीय सेना का एयरबेस भी यहां पर है।
2016 में पाकिस्तान से आतंकवादी भारत की सीमा में पठानकोट से घुसे थे और एयरबेस मे घुस गए थे। लिहाजा, सबसे संवेदनशील इलाके में खख की तैनाती की गई है। खख की आतंकवादी संगठनों के ऊपर खासी स्टडी है और उनका नेटवर्क काफी मजबूत माना जाता है। इसके अलावा राजपाल सिंह संधू को फरीदकोट का एसएसपी लगाया गया है, जिसकी गिनती डीजीपी गौरव यादव की गुड बुक के अधिकारियों में पहली कतार में होती है। राजपाल सिंह संधू दमदार व साफ छवि वाले दमदार अधिकारी हैं। आला अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पंजाब सरकार के प्रमुखता के कार्य में सबसे पहला गैंगस्टर, ड्रग व आतंकवाद पर शिकंजा कसना है। इसके बाद प्रशासनिक सुधार के कार्य शुरू हो जाएंगे।