पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव के लिए छह साल बाद भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठजोड़ हुआ है। ये गठबंधन पहले भी पंजाब की सत्ता संभाल चुका है हालांकि राजनीतिक माहिर मानते हैं कि इस बार मामला कुछ अलग है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
छह साल के लंबे अंतराल के बाद शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी की पुरानी दोस्ती फिर से परवान चढ़ गई है। दिल्ली में दोनों दलों के बीच हुए औपचारिक गठबंधन ने पंजाब की सियासत का पारा चढ़ा दिया है।
विज्ञापन
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अब इस नए सियासी गठजोड़ की सबसे बड़ी परीक्षा ''मालवा'' में होने जा रही है, जिसे पंजाब की सत्ता की चाबी माना जाता है। राज्य की 117 में से 69 विधानसभा और 13 में से 8 लोकसभा सीटों वाले इस क्षेत्र को साधना ही गठबंधन की असली ताकत और भविष्य तय करेगा। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव के आंकड़े जहां कुछ सीटों पर उम्मीद जगाते हैं, वहीं जमीनी चुनौतियां भी कम नहीं हैं।
2024 के आंकड़ों के अनुसार, अलग-अलग चुनाव लड़ने से दोनों दलों के वोट बंट गए थे। लेकिन वोटों को जोड़ें तो मालवा की 4 बड़ी सीटों पर तस्वीर बदल जाती है। फिरोजपुर-बठिंडा: आंकड़ों के मुताबिक, फिरोजपुर में कांग्रेस के शेर सिंह घुबाया महज 3,242 वोटों से जीते थे। भाजपा को 2,55,097 और अकाली दल को 2,53,645 वोट मिले थे। दोनों को मिलाएं तो आंकड़ा 5 लाख के पार चला जाता है। बठिंडा में हरसिमरत कौर बादल ने 49,656 वोटों से जीत दर्ज की थी, जहां शहरी-ग्रामीण गठजोड़ गठबंधन को और मजबूत कर सकता है। पटियाला-लुधियाना: पटियाला में परनीत कौर और लुधियाना में रवनीत सिंह बिट्टू के दम पर भाजपा ने शहरी हलकों में बढ़त बनाई थी, जबकि ग्रामीण इलाकों में अकाली दल का पारंपरिक आधार कायम रहा। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि शहरी हिंदू-व्यापारी और ग्रामीण सिख-किसान वोट का यह मेल इन सीटों पर मुकाबला पलट सकता है।
जहां जमीन पर पेंच फंसा है
राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार, सिर्फ जोड़-घटाव से जीत नहीं मिलती और मालवा में गठबंधन के सामने तीन बड़ी दीवारें खड़ी हैं। संगरूर-फरीदकोट-फतेहगढ़ साहिब: संगरूर में आप के गुरमीत सिंह मीत हेयर ने 1.72 लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की थी, वहां अकाली और भाजपा दोनों की जमानत तक जब्त हो गई थी। जानकारों के मुताबिक, संगरूर में पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत सुखदेव सिंह ढींडसा के परिवार की पकड़ भी बड़ी चुनौती है। फरीदकोट में पंथक लहर पर सवार निर्दलीय सरबजीत सिंह खालसा जीते, फतेहगढ़ साहिब में कांग्रेस आगे रही। आनंदपुर साहिब की मोहाली-खरड़ बेल्ट में भी दोनों दल तीसरे-चौथे नंबर पर सिमट गए थे।
किसान नाराजगी और पंथक बिखराव: 2020-21 के किसान आंदोलन का केंद्र यही मालवा रहा। भाकियू उगराहां समेत कई किसान संगठन आज भी केंद्र की नीतियों के खिलाफ मोर्चे पर हैं। प्रदेशाध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां का कहना है कि केंद्र, कारपोरेट पक्षीय नीतियां बना रहा है जो केवल किसान विरोधी नहीं बल्कि हर वर्ग से धोखा है।
उधर बेअदबी के मुद्दों और अकाली दल के अंदरूनी विभाजन के बाद पंथक वोट बिखरा है, जिसने अकाली दल के पारंपरिक वोट बैंक को कमजोर किया है। ग्रामीण परिवेश में इन दिनों पंथक विचारधारा की गूंज सुनाई दे रही है, जिससे पार पाना आसान नहीं होगा।
राजनीतिक जानकारों का आकलन है कि आंकड़े फिरोजपुर, बठिंडा, पटियाला और लुधियाना में गठबंधन को मजबूत दिखाते हैं, लेकिन असली जीत ग्रामीण मतदाताओं का दिल जीतकर ही मिलेगी। किसान का भरोसा, पंथक वोट की वापसी और संगरूर-फरीदकोट जैसी सीटों पर खोई जमीन—यही गठबंधन की असली अग्निपरीक्षा होगी।