वायु गुणवत्ता की स्थिति
पटियाला में एक्यूआई 197, बठिंडा में 192 और अमृतसर में 172 दर्ज किया गया। इन तीनों शहरों की हवा मध्यम श्रेणी में रही। हालांकि, मध्यम श्रेणी की हवा भी संवेदनशील लोगों के लिए परेशानी पैदा कर सकती है। गुरुपर्व के बाद खन्ना का एक्यूआई 304 तक पहुंच गया। वहीं, जालंधर और लुधियाना का एक्यूआई 200 से ऊपर बना रहा।
पराली जलाने के आंकड़े
15 सितंबर से 24 नवंबर तक दर्ज 7146 सक्रिय मामले पिछले साल की इसी अवधि के 5092 मामलों से करीब 40 फीसदी अधिक हैं। हालांकि, 2024 में दर्ज 10682 मामलों की तुलना में इस साल करीब 33 फीसदी की कमी आई है। आंकड़ों से साफ है कि पराली प्रबंधन के प्रयासों के बावजूद खेतों में आग लगाने की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है।
जिला स्तर पर फिरोजपुर में सबसे ज्यादा 918 सक्रिय आग की घटनाएं दर्ज हुईं। इसके बाद संगरूर में 806 और तरनतारन में 711 मामले सामने आए। बठिंडा में 649, फाजिल्का में 457 और पटियाला में 445 घटनाएं दर्ज की गईं। मुक्तसर में 371, बरनाला में 386, मोगा में 415 और लुधियाना में 383 मामले रहे। यह समस्या मालवा से लेकर माझा और दोआबा के कुछ हिस्सों तक फैली है। 24 नवंबर को पंजाब में पराली जलाने के 60 सक्रिय मामले दर्ज हुए जो पिछले साल इसी तारीख के 4 मामलों से काफी अधिक हैं। यह संकेत है कि सीजन के अंतिम चरण में भी खेतों में पराली जलाने की घटनाएं पूरी तरह बंद नहीं हुई हैं।