दिल्ली से समझौते के बीच पंजाब के स्कूल चर्चाओं में हैं। प्रदेश में कई स्कूल ऐसे हैं जो निजी स्कूलों को भी मात दे रहे हैं। बठिंडा के बीचों बीच स्थित धोबीआना में पंजाब की पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के मकसद से स्मार्ट स्कूल बनाया गया था। इसे बुधवार को शिक्षा विभाग ने अपने हाथों में ले लिया और पांच सदस्य कमेटी की निगरानी में स्कूल की छठीं, सातवीं, आठवीं कक्षा के लिए दाखिले शुरू कर दिए हैं।
हैड मास्टर संजीव ने बताया कि उक्त स्मार्ट स्कूल में नई तकनीक से लैब को बनाया गया जहां पर बच्चे आसानी से साइंस के बारे में समझ सकेंगे। उन्होंने बताया कि मई के अंत तक स्कूल में उम्मीद से ज्यादा दाखिले होंगे।
हैड मास्टर ने बताया कि उक्त स्मार्ट स्कूल में बच्चों के लिए स्वीमिंग पूल बनाया गया है। जहां पर पहले एक कोच को तैनात किया जाएगा जो आगे बच्चों को स्वीमिंग करना सिखाएंगे। कोच के बिना उक्त पूल को नहीं चलाया जा सकता। कोच को तैनात करने के लिए उन्होंने विभाग को लिखित में भेज दिया है।
धोबीआना में कांग्रेस की सरकार समय शहर के विधायक एवं वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने उक्त स्मार्ट स्कूल को बनवाया था, लेकिन बादल उक्त स्कूल को समय रहते शुरू नहीं करवा पाए थे। अब प्रदेश में आप सरकार द्वारा उक्त स्कूल को शुरू करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।