पठानकोट नेशनल हाईवे पर वीरवार सुबह बजरी से भरे ट्रक ने सड़क क्रास करते छह लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भरती करवाया गया है।
हादसा काहनपुर गांव के स्टापेज पर सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ। मृतकों में दो परिवारों के पांच लोग शामिल थे जो यूपी के जिला मऊ के गांव बारा के रहने वाले थे। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
वीरवार सुबह हरगोबिंद नगर निवासी ऑटो चालक विनोद कुमार काहनपुर स्टापेज पर जालंधर आने के लिए खड़ा हुआ था। पठानकोट जाने वाले मार्ग पर कुछ श्रमिक खड़े थे, जिनको ऑटो चालक अपने ऑटो से उतरकर लेने चला गया।
श्रमिकों को जालंधर की तरफ आना था। पठानकोट जाने वाले मार्ग से राजू, उसकी पत्नी लाजवंती, दो बेटे राजा (6), करण (5), सोनू, उसकी पत्नी आरती, प्रदीप और ऑटो चालक विनोद नेशनल हाईवे रैंप से क्रास कर जालंधर सिटी की तरफ आने वाले मार्ग पर आ रहे थे।
वे रैंप पर उतरे थे तभी पठानकोट की तरफ से बजरी से लदा ट्रक तेजी से आया और आठों को कुचल डाला। लाजवंती के हाथ में पकड़ा उसका बेटा करण दूर जा गिरा।
हादसे में राजू, लाजवंती, राजा, ऑटो चालक विनोद, सोनू और उसकी पत्नी आरती की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक सभी लोगों को कुचलने के बाद डिवाइडर पर जा चढ़ा। चालक मौके से भाग निकला।
सूचना पाकर एसएचओ प्यारा सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मौके की जांच की। मृतकों की जेब से ऐसा कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला, जिसके माध्यम से पुलिस उनकी पहचान कर सकती।
पुलिस ने घायल प्रदीप और करण को सिविल अस्पताल दाखिल करवाया। शाम को प्रदीप को होश आया तो उसने पुलिस को बताया कि वह सभी लोग मऊ जिला यूपी के गांव बारा के रहने वाले हैं। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।