ड्रोन देखे जानेे के बाद तलाशी अभियान चलाते पुलिस और बीएसएफ जवान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र डेरा बाबा नानक में भारत-पाक सीमा पर शुक्रवार सुबह एक बार फिर पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया। बीएसएफ के जवानों द्वारा फायरिंग करने के बाद ड्रोन वापस पाकिस्तान की तरफ चला गया। इससे पहले भी कई बार पाकिस्तान की तरफ से भारत की तरफ ड्रोन भेजे जाते रहे हैं मगर हर बार बीएसएफ की मुस्तैदी से पाकिस्तान के मंसूबे विफल हो जाते हैं।
शुक्रवार सुबह 4:40 पर डेरा बाबा नानक की भारत-पाक सीमा पर बीएसएफ की आबाद चेक पोस्ट पर जवानों ने आसमान में आवाज सुनी। इस चेक पोस्ट पर बीएसएफ की 10 बटालियन तैनात हैं। आवाज सुनने के बाद जब जवानों ने देखा तो पता चला कि वह ड्रोन था। इस पर बीएसएफ के जवानों ने ड्रोन पर फायर किए। फायरिंग के दौरान करीब 55 सेकेंड में ड्रोन वापस पाकिस्तान सीमा में चला गया। इसके बाद जहां ड्रोन देखा गया, उस क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू चलाया गया।
डेरा बाबा नानक के एसएचओ अवतार सिंह ने बताया कि बीएसएफ के अनुसार भारत-पाक सीमा पर आबाद चेक पोस्ट पर शुक्रवार को सुबह पाकिस्तान की तरफ से एक ड्रोन आया था। बीएसएफ की फायरिंग के बाद ड्रोन पाकिस्तान की तरफ चला गया। इसके बाद डेरा बाबा नानक पुलिस और बीएसएफ द्वारा सर्च अभियान चलाया गया है। इसमें डेरा बाबा नानक गांव ठेठरके, रतड-छतड़, गोला टोला समेत सीमा पर पड़ते सभी गांव में सर्च अभियान चलाया गया है मगर वहां पर किसी भी तरह की कोई बरामदगी नहीं हुई।