फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वंदे भारत मिशन : 31 उड़ानों से स्वदेश वापस आए विदेशों में फंसे 6037 भारतीय

Wed, 13 May 2020 01:03 AM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : social media
विज्ञापन

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के चलते दुनिया के विभिन्न देशों में फंसे भारतीयों को अपने देश वापस लाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए वंदे भारत मिशन के तहत अभी तक कुल 31 उड़ानों से 6037 भारतीयों को वापस लाया जा चुका है।

विज्ञापन


हालांकि ताजा जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात दो विशेष उड़ानें और आईं। पहली कर्नाटक के मंगलूरू हवाई अड्डे पर उतरी। इसमें 176 भारतीय सवार थे। दूसरी उड़ान दुबई से केरल के कोचीन हवाई अड्डे पर उतरी। इसमें 135 यात्री सवार थे। 

यह भी पढ़ें : अमेरिका में बेरोजगारी दर 14.7 फीसदी हुई, 2.05 करोड़ नौकरी जाने का खतरा
विज्ञापन


बहरहाल, इससे पहले नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि सात मई 2020 से शुरू हुए मिशन के पहले चरण के तहत अब तक 31 उड़ानों के जरिए 6037 भारतीय नागरिकों को देश वापस लाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में कुल 14,800 भारतीयों को वापस लाने की योजना है। 

बता दें कि वंदे भारत मिशन के तहत एयर इंडिया और उसकी सहायक एयर इंडिया एक्सप्रेस 12 देशों में 64 उड़ानों का परिचालन कर रही है। इनमें 42 उड़ानों का परिचालन एयर इंडिया और 24 उड़ानों का परिचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस कर रही है। इन 12 देशों में अमेरिका, लंदन, बांग्लादेश, सिंगापुर, सऊदी अरब, कुवैत, फिलीपींस, यूएई और मलयेशिया आदि शामिल हैं। 

ऑपरेशन समुद्र सेतु से देश वापस आए 202 भारतीय
वहीं, ऑपरेशन समुद्र सेतु के तहत भारतीय नौसेना के पोत 'आईएनएस मगर' से 202 भारतीय नागरिक मालदीव से स्देवश वापस लाए गए हैं। आईएनएस मगर केरल के कोच्चि हार्बर पर प्रवेश कर चुका है। आईएनएस मगर शाम 5.45 बजे कोच्चि पोर्ट पर पहुंचा। इससे आए नागरिकों में 91 केरल के, 83 तमिलनाडु के और 28 नागरिक अन्य 15 राज्यों से हैं।

आईएनएस मगर को ऑपरेशन समुद्र सेतु के दूसरे चरण में तैनात किया गया है। पहले चरण में आईएनएस जलश्व से 10 मई को 698 भारतीय नागरिकों को मालदीव से लाया गया था। वहीं, एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि 15 मई को आईएनएस जलश्व 700 लोगों को मालदीव से लेकर आएगा।

ब्रिटेन में फंसे 331 भारतीय हैदराबाद पहुंचे

वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के अभियान के तहत, एयर इंडिया का एक विमान ब्रिटेन में फंसे 331 लोगों को लेकर यहां अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचा। हवाईअड्डे के सूत्रों ने कहा कि बोइंग 773 विमान तड़के 2:21 बजे यहां पहुंचा। बाद में, यही विमान दिल्ली होते 87 यात्रियों को लेकर अमेरिका गया।

यात्रियों को मुख्य यात्री टर्मिनल के पूरी तरह स्वच्छ एवं रोगमुक्त अंतरराष्ट्रीय आगमन स्थल से ले जाया गया। यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के बाद, सुरक्षात्मक उपकरण पहने सीआईएसएफ कर्मी यात्रियों के समूह को आप्रवासन काउंटर तक ले गए। यहां आगमन के बाद यात्रियों को निर्धारित स्थानों पर पृथक वास के लिए ले जाया गया।

फिलीपींस में फंसे 139 भारतीय छात्र गुजरात पहुंचे

फिलीपींस में फंसे 139 भारतीय विद्यार्थी मनीला से एक विशेष विमान में मंगलवार सुबह अहमदाबाद हवाईअड्डे पर पहुंचे। गुजरात सरकार ने यह जानकारी दी। ये गुजराती छात्र उच्च शिक्षा के लिए फिलीपींस गए थे और लॉकडाउन के चलते वहां फंस गए थे।

गुजरात सरकार ने कहा, फिलीपींस की राजधानी मनीला से 139 छात्रों को निकाला गया। एक विशेष विमान से वे मंगलवार सुबह अहमदाबाद हवाईअड्डे पर पहुंचे। उनके आगमन के बाद, उन्हें उनके संबंधित जिलों में भेजा गया जहां उन्हें 14 दिनों के लिए पृथक-वास में रखा जाएगा। राज्य के अधिकारियों ने इससे पहले घोषणा की थी कि गुजरात से 1,000 छात्रों को अलग-अलग देशों से लाया जाएगा।
विज्ञापन

आने वाले हफ्तों में बढ़ेगी उड़ानों की संख्या 

कोरोना वायरस महामारी की वजह से लगाए गए यात्रा प्रतिबंधों की वजह से अमेरिका में फंसे भारतीय छात्रों और लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए आने वाले हफ्तों में उड़ानों की संख्या को बढ़ाया जा सकता है। अमेरिका में भारतीय दूतावास और महावाणिज्य दूतावासों ने हाल ही में स्वदेश लौटने की योजना बनाने वाले भारतीयों की सूची बनाना शुरू की थी। यह फेहरिस्त ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से बनाई जा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें