नेपाल के हाल
- फोटो : PTI
बीते दिन क्या-क्या हुआ?
अंतरिम सरकार के गठन के लिए जेन-जी के नेता, सेना प्रमुख सिगडेल और राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के बीच भद्रकाली स्थित सेना मुख्यालय में बातचीत हुई। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि कई दौर की बातचीत हुई है। यह मौजूदा गतिरोध से बाहर निकलने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर केंद्रित है। बुधवार को भी बैठक बेनतीजा रही थी। सैन्य सूत्रों ने कहा, देश का नया कार्यकारी प्रमुख ही तय समयसीमा में नए चुनाव कराएगा। जेन-जी ने पहले काठमांडो के युवा मेयर बालेंद्र शाह ‘बालेन’ का नाम रखा था। लेकिन, ऑनलाइन रायशुमारी में पिछड़ने के बाद उन्होंने कार्की को अपना समर्थन दे दिया।
संविधान भी अड़चन
कार्की के पीएम बनने में नेपाल का संविधान भी अड़चन है। इसमें प्रावधान है कि सुप्रीम कोर्ट का कोई जज, न्यायिक के अलावा और कोई पद नहीं संभाल सकता। सूत्रों ने बताया कि इसका हल निकालने का प्रयास हो रहा है। इनके अलावा, धरान के मेयर हरका संपांग का नाम भी चर्चा में आया, पर बाद में यह कहते हुए खारिज कर दिया गया कि वह इतने बड़े पद के योग्य नहीं हैं।
कठिन हालात से उबारने के प्रयास जारी : पौडेल
अंतरिम सरकार पर जारी अनिश्चितता के बीच राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने नागरिकों को विश्वास दिलाया कि वह देश को कठिन हालात से उबारने का रास्ता निकालने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से शांति-व्यवस्था बनाए रखने और संयम के साथ सहयोग की अपील भी की।
राष्ट्रपति पौडेल ने कहा, मैं सांविधानिक ढांचे के भीतर वर्तमान कठिन परिस्थिति से निकलने, लोकतंत्र की रक्षा और देश में शांति-व्यवस्था कायम रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा हूं। आंदोलनकारियों की मांगें पूरा करने के लिए समस्याएं जल्द सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नेपाल की 20 शख्सियतों ने भी ऐतिहासिक संविधान सभा के निर्मित संविधान की व्यापक रूपरेखा में रहकर आंदोलन की भावना एवं नागरिक सर्वोच्चता सुनिश्चित करने के लिए अंतरिम सरकार के गठन का आग्रह किया है।
मृतक संख्या 34 हुई, सेना की गश्त
इससे पहले बीते दिन तक सरकार विरोधी प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, घायलों को संख्या 1,300 से अधिक है। सेना बृहस्पतिवार को भी काठमांडो की सड़कों पर गश्त करती रही। बाजार, स्कूल व कॉलेज बंद हैं। कुछ जरूरी सेवाएं शुरू हुई हैं। काठमांडो सहित कई शहरों में लगा कर्फ्यू शुक्रवार सुबह तक जारी रहेगा।
हवाईअड्डे से संचालन शुरू
काठमांडो स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बुधवार शाम से सेवाएं फिर शुरू हाे गई हैं।
1,455 कैदी पकड़े
आंदोलन के दौरान जेलों से भागे 1,455 कैदी फिर पकड़ लिए गए हैं। अब भी 12,852 कैदी फरार हैं। इसी तरह, हिरासत केंद्रों से भागे 573 बंदियों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
भारत से 60 कैदी गिरफ्तार
सीमा सुरक्षाबल और पुलिस ने 60 कैदियों को अब तक गिरफ्तार किया है। इन्हें उत्तर प्रदेश, प.बंगाल और बिहार से पकड़ा गया है।
भारतीयों की वापसी शुरू
हवाई उड़ानें शुरू होने के बाद नेपाल में फंसे सैलानियों व कैलास मानसरोवर के श्रद्धालुओं की वापसी शुरू हो गई है। आंध्र प्रदेश के 144 लोग वापस आए।