सफर पर निकले लोगों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उनकी यह यात्रा परिवारों के लिए कभी न भरने वाला जख्म छोड़ जाएगी। किसी घर ने अपना बेटा खोया तो किसी ने अपना भाई। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर हुए बस हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकतर कम उम्र के लोग बताए जा रहे हैं। हादसे में तीन साल की मासूम समेत कई लोग घायल भी हुए हैं।
हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए निकली विश्वनाथ सेवा की बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। मंगलवार सुबह गूलर बाजार के पास बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। इस हादसे ने आठ परिवारों की खुशियां छीन लीं। सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने एम्स ऋषिकेश पहुंचने पर दम तोड़ दिया।