गोधूलि बेला में शुरू होगा अनुष्ठान
खड़ दीपक अनुष्ठान में दंपती महिला के गर्भ स्थान पर कपड़े का पटका बांधकर पूजा सामग्री रखते हैं। महंत अखंड दीपक प्रज्वलित करते हैं। इसके बाद पति-पत्नी बारी-बारी से दीपक हाथों में लेकर पूरी रात खड़े रहते हुए पंचाक्षरी मंत्र का जाप करते हैं। सुबह पूजा के बाद दीपक अर्पित किया जाता है। इसके बाद दंपती गंगा स्नान, हवन और गोदान करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस अनुष्ठान से भगवान शिव संतान सुख का आशीर्वाद देते हैं।
राम और कृष्ण से भी जुड़ी है मान्यता
पौराणिक मान्यता के अनुसार, त्रेतायुग में भगवान राम ने रावण वध के पाप से मुक्ति के लिए यहां 108 कमल पुष्प अर्पित किए थे। द्वापर युग में भगवान कृष्ण ने जामवंती के आग्रह पर यहां पूजा की थी। मान्यता है कि माता पार्वती के आग्रह पर भगवान शिव ने इस रात्रि में खड़ दीपक अनुष्ठान करने वाले दंपतियों को संतान सुख का वरदान दिया था। इस बार भी क्षेत्रीय विधायक की ओर से दंपतियों की मनोकामना के लिए भगवान शिव को सहस्र कमल पुष्प अर्पित किए जाएंगे।
ये भी पढे़ं...राजनीति: दूल्हा एक बनेगा, नाचना सबको पड़ेगा', राम माधव ने उदाहरण देकर कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का संदेश
बैकुंठ चतुर्दशी पर मंदिर में खड़ दीपक अनुष्ठान के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु दीपदान के लिए भी पहुंचते हैं। श्रद्धालु एक व्यक्ति के नाम से 365 दीपक अर्पित करते हैं। मान्यता है कि बैकुंठ चतुर्दशी पर किया गया यह दीपदान पूरे वर्ष सुख-समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक होता है। इसके लिए मंदिर में विशेष व्यवस्था की जाती है।