गंगा किनारे हादसे के बाद जुटी भीड़।
- फोटो : संवाद
कक्षा 12 की पढ़ाई कर रहा मारुति शनिवार को दोस्त रौनक के साथ घर से निकला था। दोनों की पूजा लालघाट पर होती थी। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि छठ पूजा की तैयारी के लिए निकला बेटा ऐसी अनहोनी का शिकार हो जाएगा। जिस आंगन में बेटे की हंसी गूंजती थी, वहां अब सिर्फ चीख-पुकार और सिसकियां सुनाई दे रही थीं।
उधर, जगदीशपुर पानी टंकी निवासी आनंद श्रीवास्तव के घर भी छठ महापर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। उनका बेटा रौनक श्रीवास्तव दो भाइयों में एक था और टीडी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। मां गीता श्रीवास्तव छठ का व्रत रख रही थीं। घर में छठ के मंगलगीत गाए जा रहे थे और पूजा की तैयारियां चल रही थीं। उन्हें क्या पता था कि जिस बेटे की सलामती के लिए वह व्रत रख रही हैं, उसके डूबने की खबर उनकी दुनिया उजाड़ देगी।
दोनों परिवारों के लोग बदहवास हालत में माल्देपुर गंगा घाट पहुंचे। गंगा की लहरों को निहारती मां की आंखें हर पल अपने बेटे के बाहर आने की उम्मीद लगाए थीं। घाट पर मौजूद हर व्यक्ति की नजर नदी की ओर टिकी थी। कोई परिजनों को ढाढ़स बंधा रहा था तो कोई उनकी सलामती की दुआ कर रहा था। छठी मइया के गीतों से गूंजने वाले दोनों घरों में अब सिसकियां थीं। त्योहार की खुशियों के बीच मिला यह दर्द दोनों परिवारों के लिए ऐसा जख्म बन गया, जिसकी टीस शायद हर छठ पर फिर उभरेगी।