चंद्रशेखर ने टेका मत्था।
- फोटो : अमर उजाला
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने भी संत रविदास के मंदिर में मत्था टेका। फिर संत निरंजन दास से आशीर्वाद लिया। चंद्रशेखर शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे थे। यहां उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि प्रदेश में दलितों पर अत्याचार बहुत बढ़ गए हैं। उत्तर प्रदेश दलितों के लिए सुरक्षित नहीं है। मायावती पर तंज कसते हुए कहा कि भतीजे अब काम कर रहे हैं और बुआ को आराम करना चाहिए।
संत शिरोमणि संत रविदास के सपनों का गांव बेगमपुरा सजा हुआ है। संत निरंजन दास जब अपने अनुयायियों का हाल-चाल लेने मेला क्षेत्र में निकले तो पूरा क्षेत्र रविदास शक्ति अमर रहे, जो बोले सो निर्भय और सदगुरु महाराज की जय के जयकारों से गूंज उठा है। रैदासियों का यहां रेला उमड़ पड़ा है।
मंदिर में चल रहा भजन-कीर्तन।
- फोटो : अमर उजाला
भजन कीर्तन से हुआ गुलजार
भक्तों के निवास कैंप के बाहर भजन कीर्तन भी चल रहा है। कहीं कीर्तन तो कहीं पंडवानी तो कहीं लोकगीतों के जरिए गुरु के गुणों का बखान करते हुए श्रद्धालु नाच गा रहे हैं। हर साल के मुकाबले दुकानों की संख्या कम होने के बाद भी मेले में शायद ही कोई ऐसी दुकान हो जहां रखरीदारों की भीड़ न हो। शुक्रवार को जूतियों, कपड़ों, साडिय़ों, सलवार सूट, शृंगार के साजोसामान से लेकर खिलौनों और चाट पकौड़े की दुकानों पर जमकर खरीदारी हो रही थी।
दूसरों के जूते साफ करना ही सेवा
मंदिर के ठीक सामने वाली गली में जूता स्टैंड बना है। इस स्टैंड पर लोग धूल में सने जूते रख कर जा रहे हैं और जब लौट रहे हैं तो उनके जूते चमचमाते हुए मिल रहे हैं। जूता स्टैंड पर सेवा देने वाले भक्तों ने बताया कि दूसरों के जूते साफ करना भी धर्म का ही काम है। हम यह सेवा करके खुद को आनंदित महसूस कर रहे हैं।
मंदिर के बाह लाइन लगाकर खड़े भक्त।
- फोटो : अमर उजाला
रैदासियों ने जलाए गुरु की याद में दीप, बिखरी पीली आभा
संत रविदास पार्क में रैदासियों ने गुरु की याद में दीपदान किया। शुक्रवार की शाम को रैदासी भक्तों की टोली नगवां स्थित संत रविदास पार्क पहुंची। संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीपदान के बाद पूरा पार्क दीपों की रौशनी से जगमगा उठा। शुक्रवार को संत रविदास पार्क में रैदासियों का उत्साह देखने लायक था। गुरु की याद में दीपदान करने के बाद भजन कीर्तन करती हुई रैदासियों की टोली ने जमकर नृत्य भी किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक आयोजन भी किए गए।