गंगा घाट पर आलिया और रणबीर को देखकर प्रशंसक भी उनके पास चले आए। उन्होंने आटोग्राफ के साथ ही अपने चहेते हीरो-हीरोइन के साथ सेल्फी भी ली। शनिवार को पंचगंगा घाट पर गाने की शूटिंग के लिए भव्य सेट तैयार कराया गया था। कहीं साधुओं का समूह तो देव और दानवों के रूप में सजे-धजे बाल कलाकारों की टोलियां अपने में मगन थीं। लाइट, एक्शन और कैमरा की आवाज सुनते ही सभी अपने-अपने स्थानों पर अभिनय करने में जुट जाते। कोरियाग्राफर रैंबो डिसूजा कलाकारों को टिप्स दे रहे थे। आसपास की छतों से पुष्पवर्षा कराई जा रही थी। पंचगंगा घाट पर सीन ओके करने के बाद टीम के सदस्य गायघाट की ओर रवाना हो गए।