वाराणसी दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंजारी में पूर्वांचल के पहले और यूपी के तीसरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया। इस स्टेडियम में भगवान शिव और काशी की झलक दिखेगी। इस स्टेडियम का आकार अर्ध चंद्राकार होगा, जिसमें लगी फ्लड लाइट्स त्रिशूल के आकार की होंगी। बिल्डिंग में बेलपत्र की डिजाइन होगी और डिजाइन में डमरू का आकर भी दिखाई देगा। गंगा घाट की सीढ़ियों जैसी दर्शक दीर्घा होगी। इसमें सात पिच (प्रैक्टिस व मेन विकेट), लाउंज, कमेंट्री बॉक्स, प्रेस गैलरी सहित अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं होगी।
गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास के मौके पर बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी, सचिव जय शाह व उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के अलावा हेमंग अमीन व प्रियंक शाह के अलावा पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर और रवि शास्त्री, दिलीप वेंगसरकर, कपिल देव, गुंडप्पा विश्वनाथ, मदन लाल, करसन घावरी और गिरीश डोंगरे के साथ ही क्रिकेट की अन्य हस्तियां मौजूद रहीं।